Curated by - Baghwan Das Beragi | CITYCHIEFNEWS

शाजापुर, शिव मंदिरों में दिन के प्रथम पहर से ही रूद्राभिषेक और मंत्रोच्चार के स्वर सुनाई देने लगे थे। सवेरा होते ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी। जिले भर में सारा वातावरण शिवमय हो गया। भक्तों के उत्साह को देखकर ऐसा लग रहा था मानो सारे के सारे ही भोले की शादी में बाराती हों। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कहीं शिव मंदिरों को दुल्हन की तरह सजाया गया था तो कहीं देर रात तक धार्मिक आयोजनों की गूंज सुनाई दी। यही नहीं कई स्थानों पर मेले का भी आयोजन किया गया।

शनिवार को शिव और शक्ति के मिलन के त्यौहार शिवरात्रि को नगर में शिव भक्तों ने बड़े ही उत्साह और उल्लास के साथ मनाया। इस अवसर पर नगर के सभी प्रमुख शिवालयों पर भक्तों का तांता देर शाम तक लगा रहा। शिवालयों में सुबह से ही अभिषेक, महाआरती आदि धार्मिक आयोजन शुरू हो गए थे। भूतभावन भगवान भोलनाथ को श्रद्धालुओं ने दूध से अभिषेक किया तो कहीं पंच मेवों के साथ भंग धतुरा चढ़ाया। शिवरात्रि के अवसर पर नगर के सभी शिवालयों में विभिन्न आयोजन किए गए। कही फरियाली खिचडी का भंडारा किया गया तो कही सुखे मेवे के प्रसाद के साथ भांग से बने प्रसाद वितरण किए गए और सुबह से शुरू हुआ ये दौर देर रात्रि तक नही थमा। नगर के ओंकारेश्वर महादेव मंदिर, मंगलनाथ महादेव मंदिर, नित्यानंद आश्रम, लालपुरा स्थित महादेव मंदिर, वाटर वाक्र्स के जय जलेश्वर महादेव मंदिरों में भक्तों की भीड़ बड़ी संख्या में देखने को मिली। वहीं नैनावद एवं सुनेरा के महादेव मंदिरों में भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और यहां आलम ये था कि पैर रखने तक की जगह नहीं बची थी और पुलिसकमिर्याे को यहां व्यवस्था के लिए तैनात करना पड़ा और सुबह से शाम तक श्रद्धालू बसों के माध्यम से अपनी दर्शन की लालसा को पूरा करते रहे। वहीं सुनेरा में भी महादेव मंदिर में भक्तों ने विशेष पूजा पाठ कर अभिषेक किया।

जगह-जगह हुआ भंडारे का आयोजन...

शिवरात्रि पर्व पर शिवभक्तों द्वारा जगह-जगह पंडाल लगाकर दर्शन करने वाले भक्तों ने भंडारे का भी जमकर लुत्फ उठाया। समिति सदस्यों द्वारा भक्तों को खिचडी व फरयाली बाबा कि प्रसादी का विरतरण कर लाभ लिया गया। जिला मुख्यालय से करीब 5 किमी दूर ग्राम नैनावद स्थित महाकाल मंदिर में सत्य सांई सेवा समिति द्वारा खिंचड़ी का भंडारा आयोजन किया गया। वहीं दुध शरबत का भी वितरण ग्राम नैनावद की समिति द्वारा किया गया, जिसका हजारों श्रद्धालुओं ने लाभ उठाया।

शिव-पार्वती बने बच्चे रहे आकर्षण का केंद्र

यूं तो पूरे जिले में महाशिवरात्रि पर्व उत्साह के साथ मनाया गया, लेकिन शहर के लालपुरा स्थित महादेव मंदिर में हुआ शिव विवाह पूरे शहर में चर्चा का विषय बना। यहां मंदिर समिति और श्रद्धालुओं ने बच्चों को शिव और पार्वती बनाया और धूमधाम से विवाह कराया। इसके अलावा शिव-पार्वती बने बच्चों का लोगों ने पूजन अर्चन कर धर्म का लाभ लिया।