पटना, बिहार की राजधानी पटना के कंकड़बाग थाना क्षेत्र के राम लखन पथ पर मंगलवार को अचानक फायरिंग होने लगी. फायरिंग के बाद जब पुलिस पहुंची तो अपराधी एक चार मंजीला इमारत में घुस गए. पुलिस ने पूरे इमारत और इलाके को घेर लिया है और अपराधी को आत्मसमर्पण के लिए कह रही है. मौके पर कई थाने की पुलिस पहुंची है. 

घटना के बाद छावनी में तब्दील हुआ इलाका

घटना के बाद पूरे इलाके में भारी संख्या में पुलिस फोर्स को भेजा गया है. मौके पर चार थाने की पुलिस तैनात है. बड़े अधिकारी भी मौके पर पहुंचे हैं. कंकड़बाग, अगमकुआं, रामकृष्ण नगर बाईपास थाना की टीम मौके पर मौजूद है. पटना पुलिस के कमांडो फोर्स और एसटीएफ भी तैनात है. पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहोल है. 

स्थानीय चश्मदीदों का कहना है कि 3-4 की संख्या में बदमाश थे, जिन्होंने फायरिंग की वो एक बिल्डिंग में छुप गए हैं. उन्हें भागते हुए नहीं देखा गया. पुलिस तुरंत पहुंच गई और फिर उनको इसी बिल्डिंग में ढूंढ रही है. राम लखन मार्केट है. व्यावसायिक इलाका है. 12 बजे के आस-पास की घटना है. उस समय पुलिस वहां नहीं थी. घटना के बाद पुलिस यहां पहुंची है.  
मामले को लेकर एसएसपी  ने क्या कहा?
पटना एसएसपी अवकाश कुमार ने कहा कि फायरिंग की सूचना मिलने के बाद पहुंचे हैं. पुलिस कार्रवाई कर रही है. जमीन विवाद में ये गोलिबारी हुई है. जमीन का विवाद है, चार लोगों को हिरासत में लिया गया है. हालांकि पुलिस का कहना है कि अपराधी कितने की संख्या में हैं ये अभी पता नहीं चला है. पूरी कार्रवाई के बाद जानकारी साझा की जाएगी. कुछ अपराधी भाग गए हैं, जिनको पकड़ने के लिए आगे की कार्रवाई चल रही है.