दो माह बाद शाम से थमेगा चुनावी शोर, 13 को होगा मतदान
19 लाख मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोग
शाजापुर. दो माह से चल रहा चुनावी प्रचार का शोर शनिवार शाम से थम जाएगा। इसके बाद प्रत्याशी घर-घर संपर्क साधकर मतदाताओं को अपने पक्ष में करने का प्रयास करेंगे। अब देखना है ऊंट किस करवट बैैठता है।
देवास शाजापुर लोकसभा में इस बार कुल 19 लाख 40 हजार 472 मतदाता शामिल हैं। कुल मतदाताओं में 9 लाख 94 हजार 73 पुरुष मतदाता, 9 लाख 46 हजार 376 महिला मतदाता एवं 23 अन्य मतदाता शामिल हैं। कुल मतदाताओं में 951 जेंडर रेशो है तथा 63.58 ईपी रेशो है। आठों विधानसभा क्षेत्रों में 2309 मतदान केंद्र हैं। इसमें लोकसभा सीट की विधानसभा आष्टा (157) में 335 मतदान केंद्र हैं। इसी तरह आगर (166) में 304, शाजापुर (167) में 308, शुजालपुर (168) में 262, कालापीपल (169) में 265, सोनकच्छ (170) में 290, देवास (171) में 290 और हाटपीपल्या (172) में 252 मतदान केंद्र हैं। इन सभी को मिलाकर पूरे लोकसभा क्षेत्र में कुल 2306 मतदान केंद्र हैं। निर्वाचन विभाग द्वारा सभी मतदान केंद्रो पर तैयारियां की जा रही हैं।
दो माह तक सक्रिय रहे दावेदार
इस बार लोकसभा निर्वाचन को लेकर दोनो ही प्रमुख दलों ने अपने प्रत्याशियों को चुनाव मेदान मे उतार दिया था। भाजपा ने जहां 2 मार्च को महेंद्रसिंह सोलंकी के नाम की घोषणा कर दी थी। तो 12 मार्च को कांग्रेस ने भी राजेंद्र मालवीय के नाम पर मुहर लगा दी थी। जिससे यह पता चलता है कि दोनो ही प्रमुख दलों को अपने-अपने प्रचार के लिए दो माह से अधिक का समय मिला। भाजपा प्रत्याशी तो कई बार अपने समर्थकों के साथ नगर में जनसंपर्क कर चुके हैं और उनके साथ लाव-लश्कर भी नजर आया। लेकिन कांग्रेस प्रत्याशी न तो नगर में नजर आए और न ही उनका कहीं जनसंपर्क दिखाई दिया। यह तो 4 जून को ही पता चलेगा कि इसके पीछे कारण क्या था। तो भाजपा प्रत्याशी को मतदाताओं का कितना आशीर्वाद मिला।