घर-घर बन रही श्री गणेश की पार्थिव प्रतिमाएं
बच्चों में दिख रहा उत्साह, इस बार पार्थिव गणेश की प्रतिमाएं लाएंगी घर में सुख-समृद्धि
Curated by - BHAGWAN DAS BERAGI | CITYCHIEFNEWS
शाजापुर, प्रथम पूज्यनीय गौरीनंदन श्री गणेश का आगमन मंगलवार को मंगल मुहूर्त में होगा। जिसकी तैयारियां शहर के श्रद्धालू कई दिनों से कर रहे हैं। खासकर बच्चे जो इस बार अपने हाथों से श्री गणेश की प्रतिमाएं बनाने में लगे हुए हैं। किसी ने शिविर में जाकर प्रशिक्षण प्राप्त किया तो कोई अपने माता-पिता से प्रतिमा बनाने का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहा है।
पं. लालशंकर मेहता ने बताया कि इस वर्ष गणेशोत्सव की शुरूआत 19 सितंबर को होगी। इस दिन भाद्र पक्ष की शुक्ल पक्ष की चतुर्थी पर प्रातः 10.50 से दोपहर 1.52 तक बप्पा की प्रतिमा की स्थापना का शुभ मुहूर्त है। इसके अलावा श्रद्धालू दोपहर 3.23 से 4.54 तक भी बप्पा की स्थापना कर सकते हैं। शाम को पूजन करने वालों के लिए 7.54 से 9.23 तक का शुभ मुहूर्त रहेगा। पं. मेहता के अनुसार इस दिन पार्थिव गणेश प्रतिमा बनाकर उनकी स्थापना करना ज्यादा लाभकारी रहेगा। यही वजह है कि इस बार शहरवासी पीओपी से बनी प्रतिमाओं को छोड़ अपने हाथों से श्री गणेश की प्रतिमाएं निर्मित कर रहे हैं। जो अब अपनी प्रतिमाओं को अंतिम रूप दे रहे हैं।