लखीसराय (बिहार), लखीसराय जिलाधिकारी श्री  शैलेंद्र कुमार ने शुक्रवार को वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के दल के साथ अभयपुर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने बेनीपुर स्थित प्रसिद्ध मां भगवती मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। जिलाधिकारी के साथ एडीएम नीरज कुमार, एसडीओ प्रभाकर कुमार, डीडीसी सुमित कुमार तथा विभिन्न विभागों के अन्य अधिकारी भी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
ग्रामीणों ने किया भव्य स्वागत
मंदिर परिसर पहुंचने पर स्थानीय ग्रामीणों और मंदिर समिति के सदस्यों ने प्रशासनिक अधिकारियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को अंगवस्त्र और मां भगवती का स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही, स्थानीय लोगों ने अधिकारियों को मंदिर के प्राचीन धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व से भी अवगत कराया।
सुरक्षा और सुविधाओं के विस्तार का आग्रह
दौरे के क्रम में स्थानीय नागरिकों ने जिलाधिकारी को मंदिर से जुड़ी समस्याओं से अवगत कराते हुए इसके समग्र विकास की मांग रखी। ग्रामीणों ने मंदिर परिसर की सुरक्षा और बेहतर प्रबंधन के लिए तत्काल चारदीवारी (बाउंड्री वॉल) निर्माण कराने का अनुरोध किया। इसके अतिरिक्त, दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए परिसर में बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने और मंदिर क्षेत्र का सौंदर्यीकरण करने का भी आग्रह किया।