इंदौर। देवी अहिल्याबाई होलकर एयरपोर्ट से बुधवार शाम आबू धाबी के लिए सीधी अंतरराष्ट्रीय उड़ान की शुरुआत हो गई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पहली उड़ान को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने चयनित यात्रियों को प्रतीकात्मक बोर्डिंग पास भी सौंपे।

करीब साढ़े चार महीने बाद इंदौर से अंतरराष्ट्रीय उड़ान सेवा फिर शुरू हुई है। शाम 7:50 बजे रवाना हुई 180 सीटों वाले विमान में पहले दिन 79 यात्रियों ने आबू धाबी के लिए यात्रा की। वहीं, आबू धाबी से इंदौर आने वाली पहली उड़ान के लिए 158 यात्रियों ने बुकिंग कराई है। यह सेवा सप्ताह में चार दिन—सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और रविवार—संचालित होगी।

 अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी को मिलेगा नया विस्तार

उड़ान के शुभारंभ पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि इस सेवा से इंदौर और मध्यप्रदेश की अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी को नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार प्रदेश में पीएमश्री वायु सेवा का भी सफल संचालन कर रही है और अब अन्य राज्य भी इस मॉडल का अनुसरण कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने अंतरराष्ट्रीय हवाई सेवाओं को बढ़ावा देने के लिए नई एवीएशन नीति लागू की है, जिसके तहत प्रत्येक नई अंतरराष्ट्रीय उड़ान के संचालन पर 15 लाख रुपये का प्रोत्साहन दिया जाएगा।

 प्रदेश में हवाई नेटवर्क का लगातार विस्तार

मुख्यमंत्री ने बताया कि उनकी सरकार के कार्यकाल में प्रदेश में पांच नए एयरपोर्टों का लोकार्पण किया जा चुका है, जबकि उज्जैन और शिवपुरी में नए एयरपोर्ट का निर्माण कार्य प्रगति पर है। कार्यक्रम में जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट, सांसद शंकर लालवानी सहित जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

 अधिकारियों और कर्मचारियों ने जताया आभार

इसी दौरान प्रदेश में लंबे समय से लंबित पदोन्नति प्रक्रिया का मार्ग प्रशस्त होने पर अधिकारियों और कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का स्वागत कर आभार व्यक्त किया। राजपत्रित अधिकारी संघ के जिला अध्यक्ष जितेंद्र सिंह तथा सहायक संचालक कृषि अधिकारी संघ के संभागीय अध्यक्ष संदीप यादव ने पुष्पगुच्छ भेंट कर मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया। एयरपोर्ट पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों ने भी पदोन्नति प्रक्रिया शुरू होने पर मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया।