डेडपूल एंड वूल्वरिन ने रिलीज के बाद बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया है। दुनियाभर में फिल्म को शानदार ओपनिंग मिली है। फिल्म ने वैश्विक स्तर पर 43.83 करोड़ डॉलर की कमाई है। घरेलू बॉक्स ऑफिस पर फिल्म ने 20.5 करोड़ डॉलर बटोरे हैं। इसके साथ ही यह घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय बॉक्स ऑफिस पर आर रेटेड श्रेणी की सबसे बड़ी ओपनर बन गई है। 

फिल्म के अंतर्राष्ट्रीय बॉक्स ऑफिस पर कमाई की बात करें तो इसमें 23.3 करोड़ डॉलर की ओपनिंग लेकर धमाल मचा दिया है। डेडपूल के साथ जोकर को पीछे छोड़ते हुए शॉन लेवी की इस फिल्म ने खास उपलब्धि हासिल की है। इसके अलावा डेडपूल एंड वूल्वरिन वर्ष की सबसे बड़ी विश्वव्यापी और अंतर्राष्ट्रीय ओपनर भी बन गई है।

इसी के साथ एमसीयू ने अब विश्वभर में अपनी फिल्मों से 3000 करोड़ डॉलर की कमाई के आंकड़े को भी पार लिया है। विदेशों में, जहां भी यह फिल्म रिलीज हुई है वहां यह कमाई के मामले में सबसे आगे चल रही है। यह फिल्म कमाई के मामले में डेडपूल से 56% और डेडपूल 2 से 50% आगे है । वहीं, जोकर से भी यह फिल्म 37% आगे है ।

जर्मनी, यूके, ऑस्ट्रेलिया, नीदरलैंड, हांगकांग, ताइवान और कई छोटे बाजारों में शॉन लेवी निर्देशित थ्रीक्वल ने 2024 का अब तक का सबसे बड़ा ओपनिंग वीकेंड हासिल किया। पूरे यूरोप में फिल्म ने 9.45 करोड़ डॉलर की कमाई की। यूएस आर-रेटेड मूवी की यह अब तक की सबसे अच्छी शुरुआत है।

आईमैक्स में वैश्विक स्तर पर फिल्म ने 3.65 करोड़ डॉलर की कमाई की है जो इस प्रारूप के हिसाब से अब तक की आठवीं सबसे बड़ी ओपनर है। वहीं, आर-रेटेड श्रेणी में आईमैक्स प्रारुप में यह फिल्म नंबर वन पर है।