DC vs RCB: आरसीबी की सातवीं जीत
दिल्ली को 6 विकेट से हराया
नई दिल्ली, भुवनेश्वर कुमार की घातक गेंदबाजी के बाद विराट कोहली और क्रुणाल पांड्या की शानदार अर्धशतकीय पारियों के दम पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2025 के 46वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स (DC) को 6 विकेट से मात दे दी.
RCB ने पहले बॉलिंग करते हुए दिल्ली को 8 विकेट पर 162 रन पर रोक दिया और फिर 18.3 ओवर में चार विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया. इस जीत के साथ बेंगलुरु ने इस सीजन के शुरुआत अपने घर में दिल्ली से मिली हार का बदला भी चुकता कर लिया.
बेंगलुरु की 10 मैचों में यह सातवीं जीत है. RCB के अब 14 अंक हो गए हैं और वो अंकतालिका में पहले नंबर पर पहुंच गई है. दिल्ली को 9 मैचों में तीसरी हार झेलनी पड़ी है.
दिल्ली से मिले 163 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बेंगलुरु की शुरुआत खराब रही और उसने 26 रन के अंदर ही अपने 3 विकेट खो दिए. इसमें जैकब बैथल (12), देवदत्त पडिकल (0) और कप्तान रजत पाटीदार (6) के विकेट शामिल हैं.
हालांकि इसके बाद विराट कोहली (51) ने चौथे विकेट के लिए क्रुणाल पांड्या (नाबाद 73) के साथ 119 रनों की साझेदारी करके बेंगलुरु को जीत की मंजिल तक पहुंचा दिया. क्रुणाल पांड्या ने आईपीएल में 2016 के बाद से पहली बार अपना अर्धशतक बनाया. उन्होंने 45 गेंदों पर 5 चौके और 4 छक्के लगाए.
कोहली ने भी इस सीजन की अपनी छठी और लगातार तीसरी फिफ्टी जड़ी. विराट ने भी साल 2016 के बाद से पहली बार लगातार तीन अर्धशतक बनाए हैं. कोहली ने 47 गेंदों पर चार चौके लगाए. वह 18वें ओवर में जाकर आउट हुए.
अंतिम दो ओवरों में बेंगलुरु को जीत के लिए 17 रनों की दरकार थी और दिल्ली के कप्तान अक्षर पटेल ने यहां बड़ी गलती कर दी. अक्षर ने पारी का 19वां ओवर मिचेल स्टार्क को ना देकर मुकेश कुमार को थमा दी. मुकेश के ओवर शुरू करते ही टिम डेविड ने तीन गेंदों के अंदर मैच खत्म कर दिया.
इससे पहले, भुवनेश्वर कुमार की अगुवाई में अपने गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन के दम पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने दिल्ली कैपिटल्स को आठ विकेट पर 162 रन पर रोक दिया. भुवनेश्वर ने चार ओवर में 33 रन देकर तीन विकेट लिये जबकि जोश हेजलवुड को दो विकेट मिले जिससे इस सत्र में सर्वाधिक 18 विकेट लेकर अब परपल कैप उनके पास है.
मेजबान दिल्ली कैपिटल्स के लिए फॉर्म में चल रहे केएल राहुल ने सर्वाधिक 41 रन बनाये लेकिन इसके लिये 39 गेंदें खेली और एक भी छक्का नहीं लगा सके. ट्रिस्टन स्टब्स ने 18 गेंद में 34 रन बनाये.
पोरेल 11 गेंद में दो चौकों और दो छक्कों की मदद से 28 रन बनाकर विकेट के पीछे जितेश शर्मा को कैच देकर लौटे. आखिरी तीन ओवर में दिल्ली के बल्लेबाजों ने 42 रन बनाए.