ग्वालियर, ग्वालियर के कम्पू थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई लाखों रुपये की लूट की वारदात का पुलिस ने सफल खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लूट की पूरी रकम बरामद कर ली है।
फरियादी वासुदेव शर्मा, मूल निवासी राजस्थान, वर्तमान में ग्वालियर के महलगांव क्षेत्र में निवास करते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि 25 तारीख को वे अपने जीजा के प्लाईवुड व्यवसाय से संबंधित 5 लाख रुपये की वसूली कर एमएलबी कॉलेज ग्राउंड पहुंचे थे। इसी दौरान बिना नंबर की स्कूटी पर आए दो अज्ञात बदमाशों ने उन्हें धक्का देकर रुपयों से भरा बैग छीन लिया और मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की गहन जांच की, जिसमें एक संदिग्ध आरोपी बिट्टू की पहचान हुई। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गुरुग्राम पहुंचकर बिट्टू सहित उसके साथियों को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी बिट्टू ने अपने साथी हर्ष, राज शर्मा और दो अन्य आरोपियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना कबूल किया। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी राज शर्मा का फरियादी से पहले से लेनदेन था और उसी ने पूरी लूट की साजिश रची थी।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों द्वारा छीने गए बैग में कुल 6 लाख 85 हजार रुपये मौजूद थे। पुलिस ने सभी पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरी रकम बरामद कर ली है। इस सफल कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आमजन में भरोसा बढ़ा है।