CURATED BY – BHAGWAN DAS BERAGI | CITYCHIEFNEWS

शाजापुर, मानसून की विदाई के बाद आसमान पर छाई काली घटाएं तेज बूंदों के साथ बरस पड़ीं और पूरे शहर को तरबतर कर दिया। मावठे की बारिश का यह सिलसिला फिलहाल बना रह सकता है। रविवार सुबह की शुरूआत आसमान पर काले बादलों के छाए रहने के साथ हुई। इसके बाद दोपहर को धूप खिल उठी, लेकिन शाम होते-होते मौसम ने फिर करवट बदली और काली घटाओं ने नीले आकाश पर डेरा जमा लिया और यह बदरा तेज बूंदों के साथ बरस पड़े। आसमान से बादलों के बरसने का दौर एक घंटे से अधिक समय तक चलता रहा। मौसम विशेषज्ञ सत्येंद्र धनोतिया ने बताया कि 36 घंटों तक मावठे की बारिश की संभावना है।
आकाशीय बिजली गिरने से भैंस की मौत
तेज बूंदो के साथ हुई मावठे की बारिश के दौरान आकाश से गिरी बिजली के कारण भैंस की मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम सेतखेड़ी में जयराम पिता तोलाराम गुर्जर की भैंस पर आकाशीय बिजली गिर गई जिससे उसकी मौत हो गई। जयराम ने बताया कि रविवार दोपहर 3 बजे भैंस घर के बाहर बंधी हुई थी, तभी तेज गरजना के साथ बारिश हुई इस बीच आकाशीय बिजली गिरने से भैंस की मृत्यु हो गई।