दमोह, दमोह देहात थाना अंतर्गत नरसिंहगढ़ चौकी क्षेत्र में 4 जुलाई की रात हुई लाखों रुपये की लूट का दमोह पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए सोने-चांदी के आभूषण, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, एक देशी कट्टा तथा धारदार कटर सहित करीब ₹8.50 लाख की संपत्ति बरामद की है। मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार 4 जुलाई 2026 की रात फरियादी विजय जैन निवासी सूखी पिपरिया ने डायल-112 पर सूचना दी थी कि रात करीब 1 से 1:30 बजे के बीच चार हथियारबंद बदमाश उनके घर में घुस आए। आरोपियों ने परिवार के सदस्यों को बंधक बनाकर मारपीट की और सोने-चांदी के आभूषण तथा नगदी सहित लगभग ₹12.70 लाख की संपत्ति लूटकर फरार हो गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी के निर्देशन में तत्काल विशेष जांच शुरू की गई। डॉग स्क्वाड, फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और साइबर टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए गए। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छह विशेष टीमों का गठन किया गया और करीब 200 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। पुलिस अधीक्षक द्वारा आरोपियों पर ₹10 हजार का इनाम भी घोषित किया गया था।
मुखबिर तंत्र, तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने शंकर यादव और राहुल अहिरवार को हिरासत में लेकर पूछताछ की। दोनों ने अपने चार अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटे गए सोने-चांदी के आभूषण, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, एक देशी कट्टा और धारदार कटर बरामद किया है।
दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है, जबकि मामले के अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
बरामद सामग्री:
सोने के 2 हार
1 मंगलसूत्र
1 बेंदी
2 अंगूठियां
चांदी की 2 करधनी
1 पायल
1 चांदी की चैन
घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल
एक देशी कट्टा
धारदार कटर
बरामद संपत्ति का अनुमानित मूल्य ₹8.50 लाख बताया गया है।