दमोह, कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर अल सुबल 6:30 बजे जबेरा के ग्राम वंशीपुर ग्राम पहुंचे। उन्होंने पहाड़ पर बने प्राचीन मठ का अवलोकन किया और इसे संरक्षित करने के लिए सबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके उपरांत कलेक्टर  कोचर वंशीपुर ग्राम के निकट एक पहाड़ी के किनारे पहुंचें जहां कई साल पहले पत्थरों का एक मजबूत बांध बनाया गया था। कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने कहा कि यहां दूर तक दिखाई देते एक से आकार के हजारों पत्थर पुरानी तकनीक का कमाल है जहां नदी किनारे बांध बनाया गया, यहां आकर अच्छा लगा, दमोह जिला पुरातत्व और पर्यटन की दृष्टि से बहुत संपन्न है इसे पर्यटन के नक्शे पर लाने का प्रयास जारी रहेगा।

इस दौरान कलेक्टर कोचर ग्रामीणों से भी रूबरू हुए और उनकी समस्याओं को सुना बिजली, सड़क की सुचारू व्यवस्था के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। साथ ही पानी की बर्बादी पर नाराजगी जताई एवं शौचालय की समुचित व्यवस्था और जन जागरूकता के लिए भी निर्देशित किया। इसके उपरांत श्री कोचर आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचे और दैनिक पंजी, पोस्टर देखने के बाद छात्रों की एवं भोजन की जानकारी ली।

गांव के स्कूल एवं अन्य स्थानों पर सुधार के लिए भी निर्देशित किया। तदोपंरात  कोचर तांवरी के आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचे। जहां बच्चों की कम संख्या, रजिस्टर में अधूरी जानकारी पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अपने भ्रमण के दौरान कलेक्टर श्री कोचर कलेहरा के निकट मैली के प्राथमिक स्कूल पहुंचे। जहां छोटे बच्चों के साथ समय बिताया, उनसे पढ़ाई के बारे में पूछा और साथ में फोटो भी खिचवाई, बच्चों ने भी कलेक्टर द्वारा पूछे गए प्रश्न के जवाब दिए।