जम्मू-कश्मीर और मणिपुर में तैनात होंगे CRPF के अत्याधुनिक FPV कामिकेज ड्रोन
कंपनियों से मांगे प्रस्ताव
नई दिल्ली। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) अपनी तकनीकी और सामरिक क्षमता को मजबूत करने के लिए अत्याधुनिक OFC+RF आधारित FPV कामिकेज ड्रोन खरीदने की तैयारी में है। इन ड्रोन्स की तैनाती जम्मू-कश्मीर और हिंसाग्रस्त मणिपुर जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में किए जाने की योजना है। इनके माध्यम से सुरक्षा बल दुर्गम और चुनौतीपूर्ण इलाकों में रियल-टाइम हवाई निगरानी कर सकेंगे। साथ ही, आतंकियों और उग्रवादियों के ठिकानों को सटीक रूप से निशाना बनाने की क्षमता भी विकसित होगी।
इस संबंध में CRPF मुख्यालय की कम्युनिकेशन एंड आईटी ब्रांच ने 5 नवंबर 2026 को एक नोटिस जारी कर ड्रोन खरीद की प्रक्रिया से पहले कंपनियों, मूल उपकरण निर्माताओं (OEMs) और अन्य संबंधित हितधारकों से सुझाव मांगे हैं। नोटिस में प्रस्तावित ड्रोन के ड्राफ्ट क्वालिफाइंग रिक्वायरमेंट्स (QRs) और तकनीकी विनिर्देशों (TDs) पर विस्तृत प्रतिक्रिया देने को कहा गया है। बल का उद्देश्य खरीद प्रक्रिया को अंतिम रूप देने से पहले तकनीकी मानकों और उपलब्ध विकल्पों का आकलन करना है।
कंपनियों को तकनीकी मानकों पर देना होगा विस्तृत जवाब
CRPF ने इन ड्रोन के लिए शुरुआती तकनीकी आवश्यकताएं निर्धारित कर दी हैं। संबंधित कंपनियों को प्रत्येक तकनीकी पैरामीटर के बारे में विस्तार से जानकारी देनी होगी। नोटिस के मुताबिक, केवल 'कम्प्लाइड' या 'नॉट कम्प्लाइड' लिखकर जवाब देना पर्याप्त नहीं माना जाएगा। कंपनियों को यह भी स्पष्ट करना होगा कि वे मूल उपकरण निर्माता हैं या अधिकृत विक्रेता। विक्रेता कंपनियों के लिए संबंधित OEM की जानकारी और उसके द्वारा जारी प्राधिकरण प्रमाणपत्र प्रस्तुत करना भी अनिवार्य होगा।
निगरानी के साथ एकतरफा हमले में भी होंगे सक्षम
प्रस्तावित FPV कामिकेज ड्रोन को हवाई निगरानी के अलावा गाइडेड स्ट्राइक क्षमता के अनुरूप तैयार करने की योजना है। इनकी मदद से सुरक्षा बल संवेदनशील इलाकों में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ हाई-वैल्यू आतंकी और उग्रवादी ठिकानों को निशाना बनाने वाले एकतरफा सामरिक मिशन संचालित कर सकेंगे। जम्मू-कश्मीर के पहाड़ी क्षेत्रों और मणिपुर के संवेदनशील इलाकों में इनकी तैनाती से जवानों को जोखिम वाले क्षेत्रों की निगरानी में मदद मिलने तथा अभियानों के दौरान सीधे मानवीय जोखिम को कम करने की उम्मीद है।
25 नवंबर तक भेजने होंगे सुझाव और प्रस्ताव
CRPF ने इच्छुक कंपनियों और अन्य हितधारकों को अपने सुझाव एवं तकनीकी प्रतिक्रियाएं 25 नवंबर 2026 तक जमा कराने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए कम्युनिकेशन डायरेक्टरेट, आरके पुरम, नई दिल्ली का पता निर्धारित किया गया है। कंपनियां ईमेल के माध्यम से भी अपनी जानकारी और सुझाव भेज सकती हैं। प्राप्त प्रतिक्रियाओं के आधार पर प्रस्तावित तकनीकी आवश्यकताओं की समीक्षा की जाएगी।
क्या होते हैं FPV कामिकेज ड्रोन?
FPV यानी फर्स्ट पर्सन व्यू ड्रोन ऐसे मानवरहित विमान होते हैं, जिनमें लगे कैमरे के जरिए ऑपरेटर को वास्तविक समय में आसपास का दृश्य दिखाई देता है। वहीं, कामिकेज ड्रोन को लक्ष्य तक पहुंचकर स्वयं नष्ट होने के उद्देश्य से तैयार किया जाता है। इनका इस्तेमाल एकतरफा हमलों में किया जाता है। ऐसे ड्रोन विशेष रूप से घने जंगलों, पहाड़ी क्षेत्रों और दुर्गम इलाकों में सामरिक अभियानों के लिए उपयोगी माने जाते हैं।
इस बीच, भारतीय सेना और वायुसेना भी अपने पुराने चीता और चेतक हेलीकॉप्टरों को बदलने की तैयारी कर रही हैं। इसके तहत दोनों सेनाएं सरकारी विमान निर्माता कंपनी हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) के लगभग 200 स्वदेशी लाइट यूटिलिटी हेलीकॉप्टर (LUH) खरीदने के लिए ऑर्डर दे सकती हैं। इससे सैन्य बलों की हवाई परिचालन क्षमता को आधुनिक बनाने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठने की उम्मीद है।
देश
दुनिया
मनोरंजन
खेल
छत्तीसगढ
हरियाणा
दिल्ली
धार्मिक
व्यापार
टेक & ऑटो
शिक्षा
स्वास्थ्य
आंध्र प्रदेश
तेलंगाना
सिक्किम
ओड़िशा
झारखंड
असम
नागालैण्ड