अपराधियों ने गोपालगंज में फिर दर्ज कराई अपनी उपस्थिति
दिनदहाड़े युवक को मारी गोली, गंभीर हालत में गोरखपुर रेफर
CURATED BY – CHANDAN KUMAR CHAUBEY | CITYCHIEFNEWS
गोपालगंज, बिहार में अपराधियों का मनोबल काफी बढ़ा हुआ है। यही कारण है कि अपराधी एक के बाद एक क्राइम की वारदात को बेखौफ अंजाम दे रहे हैं। ऐसा लगता है कि अपराधियों में पुलिस का डर खत्म हो गया है। इस बार अपराधियों ने गोपालगंज में अपनी उपस्थिति दर्ज करायी है। जहां दिनदहाड़े युवक को गोली मारी गयी है।
गोली लगने से घायल युवक को आनन-फानन में सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने गोरखपुर रेफर कर दिया। परिजन घायल युवक को लेकर गोरखपुर के लिए रवाना हो गये हैं। घटना उचकागांव थाना क्षेत्र के भगवानपुर टोला की है। जहां इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गयी है। घायल युवक की पहचान बलेसरा गांव निवासी नीरज यादव के रूप में हुई है। नीरज को अपराधियों ने गोली क्यों मारी? इस बात का पता लगाने में पुलिस जुटी हुई है। वही पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी को भी खंगाल रही है।
घटना की जानकारी देते हुए घायल नीरज यादव ने बताया कि कुछ दिन पूर्व नामजद आरोपी ने 10 लाख रुपये बतौर रंगदारी मांगी थी। जब पैसे देने से इनकार किया तब मुझे मिलने के लिए अपने गांव में बुलाया। वहां पहुंचते ही आरोपियों ने लाठी-डंडे से पिटाई कर दी। इस दौरान सीने में गोली मार दी और मौके से सभी अपराधी फरार हो गये। वही ऊंचका गांव थाने के थानेदार प्रवीण कुमार प्रभाकर ने बताया कि दोनों पक्षों में पहले से विवाद चल रहा था। इसी बीच दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए और मारपीट करने लगे। इसी दौरान आरोपियों ने नीरज यादव को गोली मार कर मौके से फरार हो गये। फिलहाल पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपी सलाखों के पीछे होंगे।