दहेज के लिए पत्नी की हत्या करने वाले पति को अदालत ने सुनाई आजीवन कारावास की सजा
पति पर छह वर्ष पूर्व अपनी पत्नी की जलाकर हत्या करने का था आरोप
CURATED BY – GAURAV SINGHAL | CITYCHIEFNEWS
सहारनपुर | देवबंद, नानौता में छह वर्ष पूर्व दहेज के लिए विवाहिता की हत्या करने के आरोप में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अदालत ने आज आरोपी पति को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। साथ ही 12 हजार रूपये के अर्थदंड से दंड़ित करते हुए कहा है कि यदि अर्थदंड अदा न किया गया तो छह माह के अतिरिक्त कारावास की सजा और भुगतनी पडेगी। सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता देवीदयाल शर्मा ने बताया कि गंगोह के मोहल्ला टांकान निवासी मकसूद की पुत्री रहमत उर्फ फात्मा का विवाह नानौता थाने के गांव बुंदूगढ़ निवासी आशु उर्फ आस मोहम्मद के साथ हुआ था। बताया कि विवाह के 9 माह बाद 31 मई 2018 की रात में रहमत उर्फ फात्मा को उसके पति आशु उर्फ आस मोहम्मद व ससुराल वालों ने दहेज की मांग पूरी न करने पर मिट्टी का तेल छिडक़कर जान से मारने की नीयत से आग लगा दी थी। जिसमें रहमत उर्फ फात्मा गंभीर रुप से झुलस गई थी। इसी दौरान उपचार के दौरान 2 माह बाद उसकी मृत्यु हो गई थी। घटना के संबंध में नानौता थाना में मुकदमा दर्ज कराया गया था। उक्त मामले का विचारण अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अदालत में चल रहा था। अभियोजन व बचाव पक्ष की दलीले सुनने के बाद न्यायाधीश विनित कुमार वासवानी की अदालत ने आशु उर्फ आस मोहम्मद को दोषी ठहराते हुए उक्त सजा सुनाई है।