CURATED BY – GAURAV SINGHAL | CITYCHIEFNEWS

सहारनपुर, सहारनपुर में पुलिस और प्रशासन ने लोकसभा चुनाव की मतगणना की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। एसएसपी सहारनपुर डा. विपिन ताडा ने आज बताया कि मतगणना स्थल पर तीन स्तरीय सुरक्षा घेरा बनाया जाएगा।1500 से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाएंगे। इसमें पीएसी और अर्द्धसैनिक बल भी शामिल होंगे। मतगणना स्थल के आसपास सघन जांच अभियान चलाया जाएगा और ड्रोन कैमरे से भी नजर रखी जाएगी।

मतगणना स्थल के आसपास संभावित भीड़ को देखते हुए बैरियर लगाए जाएंगे और जनता रोड़ पूरी तरह से वाहनों के लिए बंद रहेंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी डा. दिनेश चंद्र ने कहा कि मतगणना का काम पूरी तरह से निष्पक्ष और पारदर्शी होगा। मतगणना में 452 कर्मचारी लगेंगे। उन्होंने बताया कि इस बार सहारनपुर लोकसभा सीट पर 1227083 
मत पड़े हैं। सबसे पहले 3122 बैलेट मतपत्रों की गिनती की जाएगी। ईवीएम की मतगणना के लिए 392 कर्मचारी लगेंगे। जिसमें माइक्रो आब्जर्वर सुपरवाइजर, सहायक और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी शामिल हैं। सहारनपुर की सात विधानसभा सीटों में से पांच सहारनपुर, बेहट, सहारनपुर देहात, रामपुर
मनिहारान और देवबंद सहारनपुर लोकसभा क्षेत्र में आती हैं और गंगोह और नकुड़ कैराना लोकसभा क्षेत्र में आती हैं। सातों की मतगणना सहारनपुर में ही होगी।सहारनपुर लोकसभा सीट पर मुख्य मुकाबला भाजपा उम्मीदवार राघव लखनपाल शर्मा और सपा समर्थित कांग्रेस उम्मीदवार इमरान मसूद के बीच है। कैराना सीट पर भाजपा सांसद प्रदीप चौधरी और कांग्रेस समर्थित सपा की युवा उम्मीदवार इकरा हसन के बीच है। सहारनपुर सीट पर भाजपा प्रत्याशी राघव लखनपाल शर्मा को उम्मीदवार बनवाने में प्रदेश भाजपाध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह ने अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने पूरे चुनाव के दौरान अपने खास लोगों के जरिए पल-पल की जानकारी लेने का काम किया। इस सीट पर भूपेंद्र चौधरी की प्रतिष्ठा भी दांव पर लगी हुई है। राघव लखनपाल शर्मा और इमरान मसूद दोनों का यह लगातार तीसरा चुनाव है। राघव लखनपाल शर्मा को 2014 में विजय मिली थी। लेकिन इमरान मसूद दोनों चुनाव हारे थे। अबकी वह नए जोशो-खरोश के साथ चुनाव लड़े हैं और अपनी जीत का भी जोरदार ढंग से दावा कर रहे हैं। भाजपाई राघव लखनपाल की जीत को तय मानकर चल रहे हैं। ध्यान रहे पिछले चुनाव में गठबंधन उम्मीदवार फजर्लुरहमान ने राघव लखनपाल शर्मा को पराजित किया था। इस बार देखना होगा कि राघव लखनपाल शर्मा बाजी पलट पाते हैं या नहीं।