Curated by – NAVIN MEHAR | CITYCHIEFNEWS

धार, जिले में अगस्त माह में सामान्य से कम वर्षा हुई है। अल्पवर्षा के कारण फसलें प्रभावित हो सकती हैं,इसके मद्देनज़र फसलों की स्थिति पर सतत निगरानी रखें, किसानों को सिंचाई के संबंध में एडवाइजरी भी जारी करें। ये निर्देश कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने दिये।वे कलेक्टर कार्यालय के सभागार में समय सीमा के पत्रों के निराकरण (टी.एल.) तथा अंतरविभागीय समन्वय समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।उन्होंने कहा कि फसल बीमा के लिए सभी एसडीएम अपने क्षेत्र में बैठक लें।कम पानी का उपयोग कर फसल लेने वाले किसानों द्वारा की गई व्यवस्थाओं का व्यापक प्रचार- प्रसार करें। ताकि दूसरे किसान भी इसके लिए प्रेरित हो सकें।संबंधित विभाग अल्पवर्षा के कारण जिले में खरीफ फसलों के बचाने, बिजली की बढ़ती मांग और पेयजल की व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से जारी रखने के लिए तैयारी रखें।बैठक में उन्होंने एसडीएम एवं कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि वर्तमान स्थिति को देखते हुये फसलों की स्थिति पर सतत निगरानी रखें। अपने-अपने क्षेत्रों का सघन भ्रमण करें। किसानों से नियमित संवाद बनायें रखें। किसानों की कृषि जरूरतों की पूर्ति के लिये हर संभव प्रयास किये जाएं। उन्हें आवश्यक मार्गदर्शन/सलाह भी समय-समय पर जारी करें।मनरेगा के तहत नए कार्य  चयनित किए जाएं।जिले के पेयजल संकट संभावित क्षेत्र की सूची तैयार करें। सभी नगरीय निकायों में पानी की व्यवस्थाओं को लेकर की गई कार्यवाही से अवगत करवाएँ। सभी एसडीएम अपने क्षेत्र में जल उपयोगिता समिति की बैठक जल्द कर लें।

उन्होंने निर्देश दिए की जिले के किसानों को सिंचाई के लिए बिजली की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। नर्मदा घाटी विकास प्राधिकार विभाग द्वारा मान डेम, ओंकारेश्वर डेम से जल छोड़ा भी गया है। आने वाले एक दो दिनों में किसानों तक भी पहुंच जाएगा। जिससे सिंचाई की व्यवस्था भी हो जाएगी। साथ जल संसाधन विभाग के भी जिन जलाशयों से पानी छोड़ा जा सकता है उसकी भी तैयारियां की जा रही है। बिजली विभाग द्वारा उनके नियमानुसार 7 घंटे की जो व्यवस्था चल रही है। उसे भी आगामी दिनों में ठीक कर पुनः 10 घंटे आपूर्ति की व्यवस्था की जा रही है। पीएचई विभाग को समस्त पंचायतों में और सभी सीएमओ को अपने नगरीय क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति के निर्देश दिए गए है। साथ ही सभी अधिकारियों को निर्देश दिए गए है की जो भी कार्य जल्द से जल्द किया जा सकें वो किए जाए। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री मनोज कुमार सिंह, सीईओ शृंगार श्रीवास्तव,अपर कलेक्टर श्री अश्विनी कुमार रावत सभी एसडीएम सहित जिला अधिकारी मौजूद रहे।