CURATED BY - BAGHWAN DAS BERAGI | CITYCHIEFNEWS

शाजापुर, विधानसभा चुनाव की सियासी बिछात बिछ चुकी है और प्रत्याशी मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए जनसंपर्क के दौरान एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। रविवार को कांग्रेस प्रत्याशी हुकुमसिंह कराड़ा ने भी जनसंपर्क के दौरान भाजपा पर आरोप लगाया कि वे आपस में ही खूनी संघर्ष से जूझ रहे हैं और कहा कि कांग्रेस इस बार पूर्ण बहुमत से सरकार बनाने जा रही है।
उन्होंने कांग्रेस की जीत का दावा करते हुए कहा कि 2500 करोड़ की योजना कांग्रेस शासन काल में शुरू हुई थी। जिसके तहत शाजापुर विधानसभा के प्रत्येक घर में मां नर्मदा का पानी पहुंचाया जाएगा। वहीं खेतों में भी मां नर्मदा के पानी से सिंचाई होगी। यह बात भाजपा को हजम नहीं हो रही है। जिससे वे त्रस्त हो गए हैं। उन्होंने दावा किया कि अब सभी कांग्रेस के साथ है और कांग्रेस बड़े अंतराल से भाजपा को पछाड़ेगी और प्रदेश में कांग्रेस ही सरकार बनाएगी।

किसकी योजना और किसे मिलेगा लाभ

शाजापुर जिला मुख्यालय से कांग्रेस प्रत्याशी हुकुम सिंह कराड़ा लोगों को लुभाने के लिए नर्मदा परियोजना से सिंचाई के साथ-साथ जलसंकट से निजात दिलाने की बात कह रहे हैं। तो भाजपा भी इस योजना को अपना बताते हुए मतदाताओं के बीच पहुंच रही है। अब यह समझ में नहीं आ रहा कि आखिर इस योजना का मूल आधारशिला रखने वाले कौन है। कांग्रेस की माने तो हुकुम सिंह कराड़ा ने जल संसाधन मंत्री रहते हुए इस योजना को शुरू करवाया लेकिन भाजपा का कहना है कि यह भाजपा के शासनकाल में मंजूर हो चुकी थी और केवल काम शुरू ही होने वाला था जिसे कांग्रेस अपना बता कर वाह-वाही लूट रही है।