बारिश से पहले नहरों का कार्य तेजी के साथ पूर्ण करें-सांसद
सतना और मैहर जिले की सिंचाई और जल परियोजनाओं की समीक्षा
CURATED BY – UMESH KUSHWAHA | CITYCHIEFNEWS
सतना, सांसद गणेश सिंह ने कहा कि आगामी बरसात से पहले सिंचाई परियोजनाओं की नहरों और जल जीवन मिशन के पाइप लेइंग का कार्य तेजी से करते हुए निर्धारित लक्ष्य को पूर्ण करने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि सिंचाई संबंधी कार्यों में मुख्य नहर का काम प्राथमिकता से करें। नहरों के निर्माण में भू-अर्जन की जो भी बाधायें है। उन्हें टीएल की बैठक में कलेक्टर के ध्यान में लाकर विभागों के समन्वय से तत्काल निराकृत करें। सर्किट हाउस सतना में बाण सागर नहर परियोजना, जल जीवन मिशन और भू-अर्जन, बरगी नहर परियोजना के अधिकारियों की बैठक लेकर सांसद श्री सिंह ने सिंचाई और जल परियोजनाओं की समीक्षा की। इस मौके पर नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी, विधायक नागौद नागेन्द्र सिंह, विधायक चित्रकूट सुरेन्द्र सिंह गहरवार, कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस, एसडीएम मैहर विकास सिंह, भू-अर्जन अधिकारी सुधीर बेक, कार्यपालन यंत्री नागौद बरगी नहर अजय सिंह, जागृह भगत, जल जीवन मिशन के महाप्रबंधक विवेक कुमार, कार्यपालन यंत्री पीएचई डीएन कनेल, कार्यपालन यंत्री बाणसागर आरएस नट, कार्यपालन यंत्री जल संसाधन राकेश कुमार वर्मा सहित कार्यकारी एजेंसियों से संबंधित ठेकेदार भी उपस्थित थे।
बरगी व्यपवर्तन परियोजना के कार्यों की समीक्षा में बताया गया कि सतना जिले में नागौद, सतना शाखा नहर, आरडी 33.30 से 131.40 कि.मी. वितरण प्रणाली सहित रीवा शाखा नहर की आंशिक लम्बाई 60 कि.मी. वितरण प्रणाली का निर्माण कार्य प्रगतिरत है। इसमें सतना जिले के 99 हजार 194 हेक्टेयर कृषि भूमि में सिंचाई के लिए पानी दिया जाना प्रस्तावित है। बरगी व्यपवर्तन परियोजना में आरडी 104 कि.मी. से 116 कि.मी. स्लीमनाबाद टनल का कार्य कटनी जिले में चल रहा है। जिसकी कुल लम्बाई 11.95 कि.मी. है। अब तक 10.85 कि.मी. टनल का निर्माण हो चुका है और 1100 मीटर टनल का कार्य किया जाना शेष है। सांसद श्री सिंह ने कहा कि स्लीमनाबाद में नहर निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है और नर्मदा का पानी टनल के इस पार अक्टूबर-नवम्बर माह तक आने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि इसके पहले सतना जिले की शेष नहरों का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया जाये। बैठक में सिंहपुर बांध, भैंसवार बांध सिंचाई परियोजनाओं की समीक्षा की गई। जल संसाधन विभाग के कार्यपालन यंत्री ने बताया कि सिंहपुर बांध एक्वाडट से पानी सिपेज का रोकने 9 लाख रूपये की कार्ययोजना प्रस्तावित की गई है। बाणसागर परियोजना के पथंडा, बिरसिंहपुर माइनर और माइक्रो नहर वितरण प्रणाली की जानकारी भी ली गई।
सांसद श्री सिंह ने कहा कि अभी किसानों के खेत खाली पडे हुए है। यही नहरों के कार्य करने का अच्छा समय है। जिन किसानों के मुआवजा के अवार्ड पारित हो गये हैं। उनके खाते में राशि पहुंचाकर कार्य प्रारंभ किये जाये। इसके साथ ही सिंचिंत, असिंचित भूमि से संबंधित लंबित प्रकरणों को राजस्व रिकार्ड से सुधार कर एक सप्ताह के भीतर निराकरण सुनिश्चित करें। जल जीवन मिशन की समीक्षा में बताया गया कि सतना जिले में बाणसागर परियोजना से जल निगम द्वारा दो चरणों में मल्टी विलेज स्कीम क्रियान्वित की जा रही है। प्रथम फेज में 3 लाख 2 हजार घरों में नल जल के कनेक्शन देना है। जिसमें से अब तक 90 हजार घरों में पानी दिया जा रहा है। कुल 292 टंकियों में से 179 टंकियां का कार्य पूरा कर लिया गया है। शेष प्रगतिरत है और 38 टंकियों का कार्य शीघ्र शुरू किया जायेगा। सांसद ने कहा कि प्रथम फेज की टंकियां का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करें और गांव की बसाहट के प्रत्येक घर में नल से जल पहुंचाना सुनिश्चित कर गांव को शत-प्रतिशत रूप से कवर करें। परियोजना के प्रथम फेज का कार्य मार्च 2026 तक पूर्ण करने की जानकारी दी गई। द्वितीय चरण के मल्टी विलेज स्कीम के बारे में बताया गया कि लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा क्रियान्वित इस योजना में इंटेक वेल का निर्माण हो गया है तथा डब्ल्यू टीपी और एच टीपी का निर्माण किया जा रहा है। इस परियोजना से मझगवां के 304 गांव, सोहावल के 238 और नागौद के 249 गांव को पेयजल दिया जायेगा। इसके अलावा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा इन तीन विकासखण्डों में 232 पेयजल योजनायें संचालित की जा रही है। इन परियोजनाओं के लिए भी जल जीवन मिशन के तहत दिया जायेगा। नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी ने कहा कि जल जीवन मिशन द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में किए गए रेस्टोरेशन कार्य की जानकारी प्रस्तुत करें।