CURATED BY – BHAGWAN DAS BERAGI | CITYCHIEFNEWS

शाजापुर, रबी विपणन वर्ष 2024-25 के लिए समर्थन मूल्य पर जिले में महिला स्वसहायता समूहों द्वारा किये जा रहे गेहूं उपार्जन कार्य के निरीक्षण के लिए कलेक्टर ऋजु बाफना दो केन्द्रों पर पहुंची। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत संतोष टैगोर, सीईओ जनपद मो. बड़ोदिया अमृतराज सिसोदिया, नायब तहसीलदार वंदना हरीत भी उपस्थित थी।

कलेक्टर सर्वप्रथम सलसलाई के जय माता दी वेयरहाउस पहुंची। यहां खेड़ावद के तुलसी महिला स्व सहायता समूहों द्वारा खरीदी का कार्य किया जा रहा हैं। इस वेयर हाउस में सार्वजनिक वितरण प्रणाली का पुराना खुला हुआ गेहूं रखा था, जिसे कलेक्टर ने तत्काल जप्त करने के निर्देश दिये। इसके बाद कलेक्टर मोमनपुर के हरलाल वेयरहाउस पहुंची। यहां गणेश महिला स्व सहायता समूह बुड़लाय द्वारा खरीदी की जा रही है। कलेक्टर ने समूह की महिलाओं को निर्देश दिये कि वे गुणवत्तायुक्त गेहूं खरीदे और पहले से खरीदे हुए गेहूं को भी छलने एवं पंखे से साफ करवाकर बोरियों में पैक करवाएं। इसके बाद कलेक्टर ने शांति वेयरहाउस ने पैक्स भैंसरोद द्वारा की जा रही खरीदी कार्य का भी निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्टर ने अनुपस्थित पटवारी के विरूद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिये। खरीदी केन्द्रों के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सीईओ जिला पंचायत को निर्देश दिये कि महिला स्वसहायता समूहों को खरीदी के संबंध में व्यवस्थित प्रशिक्षण दिलवाएं। सही गुणवत्तायुक्त गेहूं की ही खरीदी करें। खरीदी केन्द्र पर छलना एवं पंखा अनिवार्य रूप से रखें इससे किसानों को मदद मिलेगी। महिला स्वसहायता समूहों के अध्यक्षों से कलेक्टर ने कहा कि वे स्वयं आगे आकर खरीदी कार्य करें। खरीदी में अपने पतियों या रिश्तेदारों को शामिल नहीं करें।