दमोह, दमोह जिले में प्रशासनिक व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाने और आमजन के कार्यों के त्वरित निराकरण को लेकर कलेक्टर प्रताप नारायण यादव लगातार शासकीय कार्यालयों का निरीक्षण कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आमजन के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसी क्रम में कलेक्टर ने एसडीएम कार्यालय दमोह, तहसील कार्यालय दमोह, तहसील कार्यालय दमयंती नगर एवं जनपद पंचायत कार्यालय दमोह का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम, तहसीलदार दमोह, तहसीलदार दमयंती नगर और नायब तहसीलदार सहित कुल 24 अधिकारी-कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। सभी को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है।
जनपद पंचायत में 14 कर्मचारी अनुपस्थित
निरीक्षण के दौरान जनपद पंचायत कार्यालय में 14 कर्मचारी अनुपस्थित मिले। सभी कर्मचारियों को शोकॉज नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधितों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
‘सार्थक ऐप’ से होगी मॉनिटरिंग
कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने बताया कि जिले की सभी तहसीलों और अनुभाग स्तर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए ‘सार्थक ऐप’ लागू किया गया है। अब सभी अधिकारी-कर्मचारी प्रतिदिन ऐप के माध्यम से उपस्थिति दर्ज करेंगे, जिससे प्रशासन द्वारा प्रभावी मॉनिटरिंग की जा सकेगी।
उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य अधिकारियों और कर्मचारियों की समय पर कार्यालय में उपस्थिति सुनिश्चित करना तथा आमजन के कार्यों का त्वरित निराकरण करना है।