श्रीनगर, जम्मू-कश्मीर में पहाड़ों पर बर्फबारी के बाद मैदानी इलाकों में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। श्रीनगर में आज की रात इस सीजन की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई। आज रात श्रीनगर में तापमान माइनस 4.6 रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने बताया कि जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी में शुक्रवार की रात तापमान बृहस्पतिवार को दर्ज हुए शून्य से 2.4 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले दो डिग्री कम दर्ज किया गया। अधिकारियों ने बताया कि श्रीनगर में दर्ज हुआ तापमान इस मौसम का सबसे कम तापमान है। 

पहलगाम सबसे ठंडा स्थान

कश्मीर घाटी में पहलगाम सबसे ठंडा स्थान रहा। अधिकारियों ने कहा कि दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से पांच डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। यह स्थान वार्षिक अमरनाथ यात्रा के लिए तय आधार शिविरों में से एक है। उन्होंने बताया कि बारामूला जिले के प्रसिद्ध रिसॉर्ट गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 4.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जो बृहस्पतिवार रात शून्य से तीन डिग्री सेल्सियस नीचे था।

12 दिसंबर से बारिश-बर्फबारी का अलर्ट

काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से 2.8 डिग्री सेल्सियस नीचे, कोकेरनाग शहर में शून्य से 2.3 डिग्री सेल्सियस नीचे और कुपवाड़ा में शून्य से 3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। मौसम कार्यालय ने कहा कि 11 दिसंबर तक आसमान में सामान्यत: बादल छाए रहेंगे लेकिन मौसम शुष्क रहेगा और रात में तापमान में कुछ डिग्री तक गिरावट आ सकती है। कार्यालय ने कहा कि 12 से 15 दिसंबर तक जम्मू-कश्मीर के ऊंचे इलाकों में अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी होने की संभावना है।

कहां पर कितना तापमान हुआ दर्ज

श्रीनगर= -4.6°C

काजीगुंड= -2.8°C

पहलगाम= -5.0°C

कुपवाड़ा= -3.0°C

कोकेरनाग= -2.3°C

गुलमर्ग= -4.2°C

अनंतनाग= -4.3°C

गान्दरबल= -3.3°C

पुलवामा = -4.7°C

बांदीपोरा = -4.3°C

बारामुला= -3.8°C

बड़गाम= -3.5°C

कुलगाम= -1.9°C

शोपियां= -5.9°C