शाजापुर। विदाई के पूर्व एक बार फिर मानसून मेहरबान हो सकता है और शहर में एक बार फिर बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि गुरूवार रात को या शुक्रवार रात को शहर में बारिश हो सकती है।
गुरूवार को भी आसमान पर दिनभर बादल छाए रहे और हल्की बूंदाबांदी भी हुई, लेकिन इसके बाद ठंडी हवाओं ने डेरा डाल दिया जिससे शहरवासियों को गर्मी से राहत मिली और मौसम में ठंडक घुल गई। मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक गुरूवार को शहर का अधिकतम तापमान 28 व न्यूनतम तापमान 23 डिग्री दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि मान सून विदा होने वाला है लेकिन इसके पूर्व शहर में बारिश की संभावना बन रही है तथा गुरूवार रात को और शुक्रवार रात को बारिश हो सकती है।
आसपास के क्षेत्रों में हुई झमाझम बारिश
शहर में भले ही बारिश न हुई हो, लेकिन आसपास के क्षेत्र अकोदिया, सलसलाई, गुलाना आदि क्षेत्रों में करीब 20 मीनिट तक तेज बारिश हुई जिससे मौसम सुहावना हो गया और इसका असर शहर में भी देखने को मिला जिसके चलते यहां ठंडी हवाएं चलने लगी। मौसम विभाग की माने तो अभी मानसून का दौर बाकी है। जिसके चलते दो दिनों में शहर में बारिश हो सकती है।