फोरी राहत के बाद फिर ठिठुरेंगे शहरवासी, कम होने लगा तापमान
ठंडी हवाओं ने डाला डेरा, दिन और रात का गिरा तापमान
Curated by - Baghwan Das Beragi | CITYCHIEFNEWS
शाजापुर, कड़कड़ाती जिस सर्दी की वजह से स्कूलों की छुट्टि घोषित करना पड़ी थी वही मौसम एक बार फिर शहर में डेरा डालने जा रहा है। जिसके चलते एक बार फिर शहरवासियों को कड़ाके की सर्दी का सामना करना पड़ेगा। क्योंकि एक बार फिर हवाओं का रूख उत्तर से पूर्वी हो गया है, जो जिले में सर्दी बढ़ाएगी।
इसके पहले 1 से 6 जनवरी तक सर्द हुए मौसम ने लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया था। कभी कोहरा, कभी सर्द हवाएं तो कभी घना कोहरा छा रहा था। जिसके चलते स्कूलों में भी छोटै बच्चों का अवकाश घोषित करना पड़ा था। उसके बाद हवाओं का दौर थमा जिससे धूप में भी तेजी आई और लोगों को सर्दी से राहत मिली थी। जो अब ज्यादा देर रहने वाली नहीं है। क्योंकि एक बार फिर हवाओं का रूख बदला है, जिसने जिले को एक बार फिर सर्द किया है। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि रविवार को अधिकतम तापमान 26.4 था जो सोमवार को घटकर 24.4 रह गया। जबकि न्यूनतम तापमान 8.8 से घटकर 6.6 पर आकर टिक गया। जिससे लोगों को एक बार फिर ठिठुरना पड़ा और लोगों का सुबह का समय धूप में बिता और धूप जाने के बाद लोग अलाव के सहारे रहे।
15 जनवरी तक ऐसा ही रहेगा मौसम का हाल
मौसम पर्यवेक्षक सत्येंद्र धनोतिया ने बताया कि एक बार फिर हवाओं का रूख बदला है जो उत्तरी से होकर पूर्वी हो गया है जिसके कारण सर्दी ने एक बार फिर पलटवार किया है। उन्होंने बताया कि अब मौसम के यही हाल बने रहेंगे। इस दौरान कोहरा छाने की संभावना तो कम है, लेकिन सर्द हवाएं जरूर परेशान कर सकती हैं। वहीं तापमान इससे भी कम होगा और मौसम के यह हाल आगामी 15 जनवरी तक बने रहेंगे। इसके बाद तापमान में बढ़ोत्तरी होने की संभावना है।
अलाव बना सहारा
सोमवार को तापमान कम होने से लोगों को सर्दी ने एक बार फिर परेशान किया। जिसके कारण दिन में भी लोगों को गर्म कपड़ों के अलावा अलाव का सहारा लेना पड़ा। तो शाम को भी जगह-जगह लोगों को अलाव जलाते देखा गया।