चेन्नई ने धर्मशाला में पंजाब को 28 रन से हराया
जडेजा का ऑलराउंड प्रदर्शन
नई दिल्ली, रवींद्र जडेजा के ऑलराउंड प्रदर्शन के दम पर डिफेंडिंग चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स ने पंजाब किंग्स से पिछली लगातार पांच हार का बदला लेते हुए आईपीएल 2024 के 53वें मैच में उसे 28 रनों से हरा दिया. धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में पंजाब किंग्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करते हुए चेन्नई को 9 विकेट पर 167 रनों पर रोक दिया, लेकिन फिर खुद निर्धारित 20 ओवरों में 9 विकेट पर 139 रन ही बना सकी.
चेन्नई सुपर किंग्स की 11 मैचों में यह छठी जीत है और टीम के अब 12 अंक हो गए हैं और वो अंकतालिका में तीसरे नंबर पर पहुंच गई है. पंजाब किंग्स को 11 मैचों में सातवीं हार का सामना करना पड़ा है और वो आठवें नंबर पर है.
चेन्नई से मिले 168 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पंजाब की शुरुआत सही नहीं रही और टीम ने 9 रन के स्कोर पर ही जॉनी बेयरस्टो (7) और राइलो रूसो (0) के रूप में अपने दो विकेट खो दिए. इसके बाद शशांक सिंह (27) और प्रभसिमरन सिंह (30) ने तीसरे विकेट के लिए 53 रनों की साझेदारी करके टीम को वापसी कराने की कोशिश की. लेकिन इन दोनों के आउट होने के बाद टीम की बल्लेबाजी लड़खड़ा गई और नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती चली गई और 9 विकेट पर 139 रन ही बना सकी.
चेन्नई के लिए जडेजा ने चार ओवरों में 20 रन देकर तीन विकेट चटकाए. उनके अलावा तुषार देशपांडे और सिमरजीत सिंह ने दो-दो जबकि मिचेल सेंटनर ने एक विकेट अपने नाम किया.
इससे पहले, पंजाब किंग्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को 9 विकेट पर 167 रनों पर रोक दिया. चेन्नई के लिए रविंद्र जडेजा ने सबसे ज्यादा 43, कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने 32, डेरिल मिचेल ने 30 और मोईन अली तथा शार्दुल ठाकुर ने 17-17 रनों का योगदान दिया.
पंजाब किंग्स के लिए राहुल चाहर और हर्षल पटेल ने तीन-तीन विकेट जबकि अर्शदीप सिंह ने दो और कप्तान सैम कुरेन ने एक विकेट लिया. हर्षल पटेल पहले ऐसे गेंदबाज हैं, जिन्होंने इस सीजन में धोनी को आउट किया. पटेल ने धोनी को बोल्ड करके पहली ही गेंद पर खाता खोले बिना पवेलियन भेज दिया.