UCC पर केंद्र सरकार को मिला AAP का समर्थन
सांसद संदीप पाठक ने कही यह बड़ी बात
नई दिल्ली, आम आदमी पार्टी (आप) के नेता ने बुधवार को कहा कि उनकी पार्टी समान नागरिक संहिता (यूसीसी) का समर्थन करती है क्योंकि संविधान का अनुच्छेद 44 भी कहता है कि देश में यूसीसी होना चाहिए. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा मंगलवार को भोपाल में एक कार्यक्रम के दौरान यूनिफॉर्म सिविल कोड की पुरजोर पैरवी किए जाने के एक दिन बाद ‘आप’ की तरफ से यह प्रतिक्रिया आई है.
पंजाब से ‘आप’ के राज्यसभा सांसद संदीप पाठक ने एएनआई से कहा, ‘हम सैद्धांतिक रूप से समान नागरिक संहिता का समर्थन करते हैं क्योंकि अनुच्छेद 44 भी कहता है कि देश में यूसीसी होना चाहिए. इसलिए सरकार को सभी धर्मों, राजनीतिक दलों और संगठनों से व्यापक विचार-विमर्श कर इस मुद्दे पर आम सहमति बनानी चाहिए.’
पीएम मोदी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यक्रम में समान नागरिक संहिता की जोरदार वकालत करते हुए आरोप लगाया था कि इस संवेदनशील मुद्दे पर मुसलमानों को भड़काया जा रहा है. उन्होंने दलील दी थी की दोहरी व्यवस्था से देश कैसे चल पाएगा? एक परिवार में दो कानून नहीं चल सकते.
विपक्षी पार्टियों ने किया था विरोध, भाजपा ने दिया जवाब
दरअसल, विपक्षी पार्टियों ने समान नागरिक संहिता से जुड़़ी टिप्पणी को लेकर मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा था कि वे महंगाई एवं बेरोजगारी जैसे असल मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहे हैं. ऐसे में ‘आप’ की तरफ से यूसीसी को समर्थन देने की बात कहना निश्चित ही केंद्र सरकार की मुहिम को बल देगा.
भाजपा ने विपक्षी दलों पर पलटवार करते हुए कहा था कि समान नागरिक संहिता का उल्लेख संविधान में राज्य के नीति निर्देशक तत्व के रूप में शामिल है तथा उच्चतम न्यायालय ने भी कई फैसलों में इसकी पैरवी की है. केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता भूपेंद्र यादव ने पसमांदा (पिछड़े) मुसलमानों को साथ लाने के भाजपा के प्रयास की विपक्षी पार्टियों की आलोचना को लेकर कहा कि विपक्ष को इस बात के लिये शर्मिंदा होना चाहिए कि उसने समाज के शोषित और वंचित लोगों के लिए कुछ नहीं किया.