सतना, कैमा में 720 मीटर की साइडिंग में 51 करोड़ रुपए से बनेगा नया माल गोदाम रेल विभाग ने जारी किया आदेश
सतना में चेम्बर आंफ कामर्स एण्ड इंडस्ट्रीज़ के द्वारा रेल माल गोदाम सतना शहर से बाहर करो मुहिम को मिली सफलता और रेलवे विभाग द्वारा इस संबंध में स्वीकृति प्रदान करते हुए इसके लिये बजट का आवंटन हुआ।

डी. आर. एम. रेलवे ने की चेंबर अध्यक्ष से बातचीत चेंबर महामंत्री मनोहर सुगानी द्वारा जानकारी दी गई है कि इस संबंध में चेंबर अध्यक्ष विवेक अग्रवाल को रेलवे के वरिष्ठ मंडल रेल प्रबंधक जबलपुर द्वारा कल दिनांक 17 जनवरी को शाम फोन पर सूचना दी गई है और उन्होंने आंदोलन समाप्त करने का अनुरोध भी किया है एवं आश्वासन दिया कि शहर से बाहर रेलवे माल गोदाम बनाया जाएगा रेल वाणिज्य प्रबंधक ने पत्र में दी तकनीकी स्वीकृति की जानकारी।

इस बातचीत के उपरांत रेल मंडल प्रबंधक वाणिज्य, जबलपुर, पश्चिम मध्य रेलवे के पत्र क्रमांक JBP/C/124/PD/VA-MS/06/24 दिनांक 17.01.2024 के द्वारा बताया गया है कि सतना रेल माल गोदाम को स्थानांतरित कर शहर से बाहर किये जाने हेतु कैमा स्टेशन पर 720 मीटर की साइडिंग का निर्माण किया जा रहा है । इस कार्य हेतु कान्ट्रेक्ट एवार्ड  किया जा चुका है । पत्र में बताया गया है कि कैमा माल गोदाम को विकसित करने का कार्य पी एच-53 में 36 करोड़ रुपए एवं पी एच-16 में 15 करोड़ रुपये प्रस्तावित है । पत्र में लिखा गया है कि अधोसंरचना कार्य पूर्ण होते ही माल गोदाम को सतना से कैमा स्थानांतरित कर दिया जायेगा ।

सभी के प्रयासों से मिली सफलता

ज्ञातव्य है कि सतना चेम्बर आंफ कामर्स एण्ड इंडस्ट्रीज़ के द्वारा इस जनहित से जुड़े विषय पर विगत 24 दिसंबर 2023 को एक सर्व दलीय बैठक बुलाई गई थी, जिसमें लिये गये निर्णय के अनुसार इस विषय में रेल अधिकारियों को पत्र भेजकर रेल मालगोदाम सतना शहर से बाहर करने का अनुरोध किया गया और उसके बाद सभी जन प्रतिनिधियों, अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा गया, साथ ही सभी संगठनों के साथ मिलकर चरणबद्ध मुहिम चलाई गई।
चेंबर अध्यक्ष विवेक अग्रवाल ने इस मुहिम में सहयोग करने हेतु सभी जन प्रतिनिधि जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, पूर्व जन प्रतिनिधियों, विभिन्न दलों व्यवसायी और संगठनों और प्रेस मीडिया के बंधुओं के प्रति आभार जताया।