वर्ष के अंत तक शहरवासियों को मां नर्मदा का पानी दिलाएगी हमारी सरकार: भीमावद
प्रेसवार्ता में पूर्व विधायक ने माना मीडिया का आभार
शाजापुर, शहर विकास की ओर अग्रसर है जहां विकास कार्य लगातार किए जा रहे हैं। आगे भी यह श्रृंखला जारी रहेगी। मां नर्मदा का पानी भी जिले को मिलने लगेगा। इसके लिए हमारी सरकार द्वारा भरसक प्रयास किए जा रहे हैं और वर्ष के अंत तक शहरवासी मां नर्मदा का जल ग्रहण कर सकेंगे।
यह बात पूर्व विधायक अरूण भीमावद ने पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस पर आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए मीडियाकर्मियों से कही। श्री भीमावद ने कहा कि मीडियाकर्मियों ने हमेशा मेरे कार्यकाल में अच्छा सहयोग किया, जिनके द्वारा दिए गए मार्गदर्शन और प्रोत्साहन से ही मेरी विधानसभा में विकास कार्य किए गए। आज शाजापुर विधानसभा में इसके परिणाम भी मिलने लगे हैं। उन्होंने कहा कि निश्चित रूप से इस वर्ष के अंत तक जिलेवासी मां नर्मदा के जल से लाभान्वित हो सकेंगे। उन्होंने मीडिया का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आज मै जो कुछ भी हूं मीडिया के सहयोग से हूं जिन्होंने समय-समय पर मुझे मार्गदर्शन दिया और विधानसभा के विकास में सहयोग दिया। इस अवसर पर नगर पालिका उपाध्यक्ष पं. संतोष जोशी, किरणसिंह ठाकुर, गोपालसिंह राजपूत, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष श्याम टेलर, पूर्व नपाध्यक्ष प्रदीप चंद्रवंशी, मंडल अध्यक्ष मोहनसिंह जादौन, हरिओम गोठी, राधेश्याम गुर्जर, पूर्व मंडी अध्यक्ष रमेशचंद्र पाटीदार, गोविंद नायक, पूर्व भाजपा जिला मीडिया प्रभारी उमेश टैलर, पं. आशीष नागर सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे।
शहरवासियों के आशीर्वाद से मिला जीवनदान
गौरतलब है गत दिनों पूर्व विधायक श्री भीमावद उकावता चैकी के समीप उनका वाहन हाईवे के बीच खंती में पलट गया था। इस हादसे में उनके साथ दो साथी भी घायल हो गए थे। इसे लेकर श्री भीमावद ने बताया कि लोगों के आशीर्वाद और उनकी दुआओं का ही असर था कि मैं सकुशल बच गया और आज आप लोगों के बीच हूं। उन्होंने शहरवासियों का भी आभार व्यक्त किया।