शाजापुर में स्टेडियम ग्राउंड या कृषि उपज मंडी से संचालित हो सकती हैं बसें
नपाध्यक्ष ने मेले की व्यवस्थाओं के लिए किया बस स्टैंड का निरीक्षण
Curated by - Baghwan Das Beragi | CITYCHIEFNEWS
शाजापुर। आगामी दिनों में शहर में चैत्र नवरात्रि का पर्व शुरू हो रहा है। इस दौरान यहां मेले का भी आयोजन होता है। यहां आने वाले लोगों व व्यापारियों को समस्या न हो और उन्हें सुविधाएं मिल सके इसके लिए नगर पालिका अध्यक्ष सहित सभापति व पार्षदों ने व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की।
नपाध्यक्ष प्रेम जैन ने बताया कि मेले में बड़ी संख्या में लोग यहां आते हैं। ऐसे में यहां भीड़ बढ़ जाती है। ऐसे में बसों के संचालन के लिए एक तो बेरछा रोड स्थित कृषि उपज मंडी से या फिर स्टेडियम ग्राउंड से बसों के संचालन के लिए विचार किया जा रहा है। इसके लिए जिला प्रशासन से चर्चा कर निर्णय लिया जाएगा ताकि लोगों को सुविधा मिल सके। इसके अलावा बस स्टैंड पर लोगों के लिए बनाए गए टीनशेड पर जिन लोगों ने कब्जा कर रखा है उन्हें भी वहां से कब्जा हटाने के लिए कहा गया है। वहीं माता मंदिर के सामने लगी गुमटियों को भी हटाकर लोगों के लिए पर्याप्त व्यवस्थाएं की जाएंगी। इसके लिए पूरे मेला परिसर और बस स्टैंड का निरीक्षण किया गया है।
मेला परिसर में आ रहा गंदा पानी, समाजजनों से भी की चर्चा
हाइवे पर स्थित मस्जिद से गंदा पानी बहकर मेला प्रांगण में फैल रहा है। जिससे यहां पर गंदगी पसर रही है। इस समस्या के समाधान के लिए नपाध्यक्ष ने मस्जिद की समिति और समाजजनो को बुलाकर समस्या का निराकरण करवाने के लिए समझाइश दी। देर शाम मेला प्रांगण पहुंचे नपाध्यक्ष जैन व अन्य जनप्रतिनिधियों ने पूरे प्रांगण का निरीक्षण किया। नपाध्यक्ष ने यहां पर मेले के दौरान लगाई जाने वाली दुकानों के स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देखी। साथ ही नपा के अमले को व्यवस्थाएं पूरी तरह करने के लिए निर्देशित किया। इसी दौरान जब मेला प्रांगण के एक ओर पहुंचे नपाध्यक्ष ने देखा कि हाइवे पर स्थित खड़खड़िया मस्जिद से गंदा पानी निकलकर सीधे मेला प्रांगण में फैल रहा है। इससे यहां पर मेले के दौरान खासी परेशानी आएगी। क्योंकि जिस स्थान पर ये पानी फैल रहा है वहां पर झूल भी लगते है। इसके चलते नपाध्यक्ष ने मस्जिद समिति के सदस्यों को बुलवाकर इसके संबंध में चर्चा की। बताया जाता है कि यहां पहुंचे मुस्लिम समाजजनों ने कहा कि वो तो कोर्ट से केस जीत गए हैं। इस पर नपाध्यक्ष ने मस्जिद से निकलकर मेला प्रांगण में फैल रहे गंदे पानी की समस्या का निराकरण करने के लिए कहा। यहां पहुंचे मुस्लिम समाजजनों ने नपाध्यक्ष द्वारा दी गई समझाइश के बाद मामले में समाज के अन्य लोगों से चर्चा करने की बात कही।