CURATED BY – BHAGWAN DAS BERAGI | CITYCHIEFNEWS

शाजापुर, राजस्व महा अभियान 2.0 के अंतर्गत सभी पटवारी सुनिश्चित करें कि राजस्व संबंधी प्रकरणों का निराकरण कर ग्रामों में नक्शा तरमीम के कार्य में प्रगति लाएं तथा राजस्व विवाद, नामांतरण, बंटवारा एवं सीमांकन शून्य बनाएं। उक्त निर्देश कलेक्टर ऋजु बाफना ने राजस्व महा अभियान के अंतर्गत शुजालपुर तहसील के ग्राम चाकरोद, कालापीपल के ग्राम घट्टी मुख्तियारपुर, खोकराकलां एवं खरदोनकला में किए जा रहे क्रियान्वयन के निरीक्षण के दौरान दिए। इस दौरान अनुविभागीय अधिकारी अर्चना कुमारी, जिला पंचायत सीईओ संतोष टैगोर, जनपद पंचायत शुजालपुर रुषाली पोरस, जनपद पंचायत सीईओ राजकुमार मंडल, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी कार्यपालन यंत्री वीएस चौहान, तहसीलदार कैलाश सस्त्या, नायब तहसीलदार किरण धाकड़ मौजूद रहे। कलेक्टर ने राजस्व महा अभियान के तहत किए जा रहे कार्यों के निरीक्षण में सभी राजस्व अधिकारी एवं पटवारियों को निर्देश दिए कि नक्शा तरमीम के कार्य में प्रगति लाएं। उन्होंने सीमांकन, नामांतरण, बटवारा एवं अन्य राजस्व संबंधी कार्यों का समयसीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। साथ ही कलेक्टर ने सभी किसानों की भूमि के खसरे को ई-केवायसी कर समग्र एवं आधार से लिंक करने के निर्देश दिए। उन्होने पटवारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीणों को नक्शा तरमीम करने के लिए प्रेरित करने, नक्शा तरमीम के फायदे एवं भविष्य में होने वाले विवादों से बचा जा सकता है कि जानकारी दें। निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों से उनकी समस्याओं के बारे में पूछा। ग्रामीणों ने पेयजल सहित अन्य समस्याओं से भी अवगत कराया।
दो पटवारियों के विरूद्ध कार्रवाई के निर्देश
ग्राम चाकरोद एवं घट्टी मुख्तियारपुर में नक्शा तरमीम के कार्य में प्रगति कम होने पर पटवारियों के 05-05 दिन का वेतन रोकने के निर्देश कलेक्टर ने अनुविभागीय अधिकारी शुजालपुर को दिए। साथ ही उन्होने पटवारियों को 31 अगस्त तक नक्शा तरमीम के कार्य में प्रगति लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने अनुविभागीय अधिकारी को निर्देश दिए कि 31 अगस्त तक कार्य में प्रगति नहीं आए तो संबंधित पटवारी का पुन: 10 दिवस का वेतन रोकने की कार्रवाई करें। भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने सर्वप्रथम शुजालपुर में निर्मित हो रहे सिविल अस्पताल के कार्य को देखा। उन्होने संबंधित ठेकेदार एवं एमपी हाऊसिंग के अधिकारी को समयसीमा में सिविल हॉस्पिटल बनाने के निर्देश दिए। इसके पश्चात उन्होंने ग्राम चाकरोद में पीएमश्री शासकीय हाईस्कूल चाकरोद में आईसीटी लैब का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने बच्चों से कहा कि वे अच्छे तरीके से पढ़ाई करें एवं प्रदेश स्तर पर मेरिट सूची में आएं। कलेक्टर ने बीईओ को निर्देश दिए कि जिला शिक्षा कार्यालय से पाठ्यक्रम संबंधी वीडियो उपलब्ध करवाएं एवं उनके माध्यम से बच्चों को पढ़ाई कराएं। कलेक्टर ने शासकीय एकीकृत माध्यमिक विद्यालय चाकरोद में कक्षा 3री एवं 4थीं के बच्चों से कविता, कहानी पढ़वाई। साथ ही उनसे जोड़ एवं घटाने के सवाल पूछे। बच्चों द्वारा ब्लैक बोर्ड पर पूछे गए सवालों को हल किया गया, सही जवाब देने वाले बच्चों की कलेक्टर एवं उपस्थित अधिकारियों ने ताली बजाकर प्रशंसा की। उन्होंने उपस्थित शिक्षकों को निर्देश दिए कि बच्चों को प्रतिदिन स्कूल आने के लिए कहें एवं उनके माता-पिता को स्कूल भेजने के लिए प्रेरित करें। साथ ही शिक्षकों को बच्चों की पढ़ाई को और बेहतर करने के साथ ही सही रिपोर्ट बनाने के निर्देश दिए। ग्राम खरदौनकलां में ग्राम पंचायत भवन एवं आंगनवाड़ी भवन बनाने के निर्देश सरपंच एवं सचिव को दिए। कलेक्टर ने ग्रामीणों की मांग पर खरदौनकलां कुरावर मार्ग पर नव-निर्मित पुलिया को देखा। कलेक्टर ने संबंधित विभाग के अधिकारी को निर्देश दिए कि दुर्घटनाओं को रोकने के लिए उचित उपाय करें। साथ ही पुलिया पर स्लोप बनाने, रेडियम लगाने, साईन बोर्ड लगाने सहित अन्य आवश्यक सुधार संबंधी निर्देश दिए। इसके पश्चात कलेक्टर ने ग्राम पंचायत भैंसायागढ़ा में मनरेगा योजना अंतर्गत निर्मित श्रीदेवनारायण स्वामी गौशाला का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने गौशाला में लाईट, पंखे, शेड, वर्मी कम्पोस्ट, भूसे की उपलब्धता रखने सहित गौशाला के सुचारू संबंधी अन्य आवश्यक निर्देश ग्राम पंचायत के सरपंच को दिए।