रायसेन, भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय रायसेन में शुक्रवार को जिला अध्यक्ष राकेश शर्मा की अध्यक्षता में पार्टी के सभी मोर्चों के जिला अध्यक्षों एवं जिला प्रभारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई तथा जिला, मंडल और बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश शर्मा ने कहा कि पार्टी की मजबूती का आधार बूथ स्तर का संगठन है। उन्होंने सभी मोर्चा अध्यक्षों और प्रभारियों से अपेक्षा की कि वे संगठन द्वारा सौंपे गए दायित्वों का पूरी निष्ठा, सक्रियता और समर्पण के साथ निर्वहन करें तथा समय-समय पर मिलने वाली जिम्मेदारियों को प्राथमिकता से पूरा करें।

उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना संगठन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। इसके लिए प्रत्येक मोर्चा अपने स्तर पर जनसंपर्क अभियान चलाए और पार्टी के कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संपन्न कर संगठन को और अधिक मजबूत बनाए।

बैठक में संगठन के आगामी कार्यक्रमों, सदस्यता विस्तार, जनसंपर्क अभियान, बूथ सशक्तिकरण तथा विभिन्न मोर्चों की भूमिका को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। साथ ही सभी पदाधिकारियों को उनके नवीन दायित्वों के लिए शुभकामनाएं देते हुए संगठनात्मक कार्यों में निरंतर सक्रिय रहने का आह्वान किया गया।

बैठक में अनुसूचित जनजाति मोर्चा अध्यक्ष सरदार सिंह वरकरे, जिला प्रभारी राकेश तोमर, युवा मोर्चा प्रभारी एवं जिला महामंत्री दीपेंद्र पाल, महिला मोर्चा प्रभारी पूजा मिश्रा, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष सीमा चौहान, अनुसूचित जाति मोर्चा प्रभारी राजेश पंथी, जिला अध्यक्ष हरिसिंह चौधरी, किसान मोर्चा प्रभारी केशव पटेल, जिला अध्यक्ष कमलेश राज्यपाल, अल्पसंख्यक मोर्चा प्रभारी सलीम काजी, जिला अध्यक्ष सिद्दीक सिद्दीकी, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष भूपेंद्र नागर सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के अंत में संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी और सरकार की जनहितकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के संकल्प के साथ आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने का आह्वान किया गया।