मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन यात्रा में कामाख्या देवी के दर्शन को गरीब बनकर रवाना हो गए भाजपाई और आर्थिक संपन्न लोग
अधिकारियों के साथ मिलकर योजना को जमकर लगाया पलीता
CURATED BY – BHAGWAN DAS BERAGI | CITYCHIEFNEWS
शाजापुर। आर्थिक परेशानी के कारण तीर्थ यात्रा पर नही जा सकने वाले गरीब वृद्धों को तीर्थधाम तक नि:शुल्क लेकर जाने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन यात्रा संचालित की जा रही है, लेकिन इस योजना को भारतीय जनता पार्टी के नेता ही अधिकारियों के साथ मिलकर पलीता लगाने और फर्जीवाड़ा करने में जुटे हुए हैं। यही कारण है कि सरकार की इस लोकप्रिय योजना में जरूरतमंद हितग्राहियों की जगह धनाड्य और सक्षम लोगों के साथ सत्ताधारी नेता फर्जी तरीके से अपना नाम चढ़वाकर यात्रा कर रहे हैं। खास बात यह है कि गरीबों को पात्रता के नाम पर परेशान करने वाले अधिकारियों ने सक्षम और समर्थ लोगों को यात्रा पर भेजने के लिए चयनित करने से पहले अपनी आंखों पर पट्टी बांधली। नतीजतन शाजापुर जिले से रवाना हुई यात्रा में अधिकांश आर्थिक रूप से संपन्न और भारतीय जनता पार्टी के नेता दर्शन करने के लिए भेज दिए गए हैं।
शाजापुर जिले से मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत कामख्या देवी के दर्शन हेतु गत 13 अक्टूबर 24 को यात्रा रवाना हुई, लेकिन इस यात्रा के लिए यात्रियों का चयन करने वाले अधिकारियों ने नियमों की जमकर धज्जियां उड़ाई। यही वजह रही कि यात्रा में आर्थिक रूप से संपन्न लोगों के साथ भाजपा नेताओं को भी शामिल कर लिया गया। नियमों की बात करें तो आर्थिक रूप से कमजोर व्यक्ति जिसकी उम्र 60 वर्ष या उससे अधिक हो, उसे ही यात्रा में जाने की पात्रता है, लेकिन शाजापुर नगरपालिका की पूर्व नपा उपाध्यक्ष रेखा अमृतलाल को तीर्थ दर्शन यात्रा के लिए चयनित कर लिया गया। वहीं सत्येंद्र राठौर जिनका धोबी चौराहा पर आलीशान मकान, निजी ट्रक है वे भी आर्थिक रूप से सक्षम होने के बावजूद गरीब बनकर मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत यात्रा पर रवाना हो गए। साथ ही सेवानिवृत्त ग्रामीण विस्तार अधिकारी रामकृष्ण गोठी भी गरीबी का चौला पहनकर तीर्थ दर्शन यात्रा पर गए हुए हैं। इन सभी यात्रियों का चयन धर्मस्व विभाग के अधिकारियों ने नगरपालिका सहित अन्य अधिकारियों के साथ मिलकर किया है और अब अधिकारी चयन प्रक्रिया के बारे में बताने से कतारते नजर आ रहे हैं।
गरीब बनकर यात्रा पर रवाना हुईं पूर्व नपा उपाध्यक्ष
13 अक्टूबर को जिले से कामाख्या देवी के दर्शन हेतु मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत यात्रियों का जत्था रवाना हो चुका है। यात्रा 18 अक्टूबर तक की है। इस यात्रा में शाजापुर की पूर्व नपा उपाध्यक्ष रेखा अमृतलाल भी गरीब बनकर रवाना हुई हैं। नियमानुसार नपा उपाध्यक्ष रेखा अमृतलाल मीणा यात्रा करने की पात्रता नही रखती हैं, बावजूद इसके जिम्मेदारों ने उन्हे तीर्थ दर्शन योजना में शामिल कर यात्रा पर पहुंचा दिया है जिसके कारण अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल खड़े होने लगे हैं। जिले से रवाना हुए अधिकांश यात्री आर्थिक रूप से संपन्न हैं, किंतु उन्होने मुफ्त योजना का लाभ लेने के लिए अधिकारियों से सांठगांठ कर योजना का लाभ लिया है।