बैरगनिया (सीतामढ़ी), बिहार के सीतामढ़ी जिले के बैरगनिया प्रखंड के भाजपा ग्रामीण मंडल के अध्यक्ष जयप्रकाश निराला को घात लगाकर बैठे अपराधियों ने गोली मारकर गंभीर रुप से घायल कर दिया।  बताया गया है कि भाजपा नेता जयप्रकाश बैरगनिया बाजार स्थित अपने कपड़े की दुकान से रविवार की रात्रि अपने घर परसौनी जा रहे थे। रास्ते में बखरी गांव के पास उन पर कई राउंड गोलियां चलाई गईं। इस दौरान एक गोली उनके बाएं बाजू पर लगी और वे गंभीर रुप से घायल हो गए। गोलियों की आवाज से पूरा इलाका गूंज उठा और लोगों में दहशत फैल गई।  बाजू में लगी गोली भाजपा नेता को गोली लगने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों एवं उनके परिजनों ने उन्हें उठाकर सीतामढ़ी डॉ. अरुण कुमार के पास ले जाकर इलाज कराया। बताया गया है कि बाजू में लगी गोली निकाल दी गई है। और अब वे खतरे से बाहर है। घटना की सूचना पर रीगा विधानसभा क्षेत्र के विधायक मोतीलाल प्रसाद व भाजपा नगर मंडल के अध्यक्ष प्रदीप कुमार इलाजरत जयप्रकाश निराला के पास पहुंचकर हालचाल जाना।   पुराने विवाद में वारदात  भाजपा नगर मंडल के अध्यक्ष प्रदीप कुमार ने बताया कि पूर्व विवाद को लेकर उनके गांव परसौनी के ही कुछ लोगों ने साजिश रचकर जान मारने की नीयत से उन पर गोली चलाई है।  अभी नहीं दी लिखित शिकायत  बैरगनिया थाना पुलिस नर्सिंग होम में भाजपा नेता का कुशल क्षेम जानने पहुंची थी। साथ में बैरगनिया के क्षेत्रीय विधायक मोतीलाल प्रसाद भी थे। एसडीपीओ राम कृष्णा ने ही घटना की पुष्टि की। साथ ही उन्होंने कहा कि स्वजन का कहना है कि भाजपा नेता पर उनके ही पूर्व व्यावसायिक पार्टनर लक्ष्मी प्रसाद ने हीं गोली चलवाई है। हालांकि इस बात की अभी लिखित शिकायत नहीं मिली है। जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा। पुलिस घटना की जांच में जुटी है।  पटना में होटल मालिक की हो चुकी हत्या  बिहार में अपराधी बेखौफ हैं। कुछ दिन पहले राजधानी पटना में एक होटल मालिक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना पीरबहोर थाना क्षेत्र के कुतुबुद्दीन लेन की थी। रविवार को दोपहर साढ़े तीन बजे वारदात को अंजाम दिया गया। होटल मालिक को बदमाशों ने पांच गोलियां मारी थीं। होटल मालिक की पहचान शकील मलिक के तौर पर हुई थी। वह मूलत: जहानाबाद के बघवारा का रहने वाला था। जानकारी के मुताबिक 20 लाख रुपये की रंगदारी न देने पर बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया।