4 लाख से अधिक मतों से जीते भाजपा प्रत्याशी महेंद्रसिंह सोलंकी
जश्न में डूबे भाजपाई
CURATED BY – BHAGWAN DAS BERAGI | CITYCHIEFNEWS
शाजापुर. लोकसभा निर्वाचन में शाजापुर-देवास संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी राजेंद्र राधाकिशन मालवीय को करारी मात देते हुए भाजपा प्रत्याशी महेंद्रसिंह सोलंकी ने ऐतिहासिक जीत दर्र्ज की। इस जीत के बाद जहां कांग्रेसी खेमें में मायूसी रही तो वहीं भाजपाई जश्न में डूबे रहे। 4 जून मंगलवार को सुबह र्ईव्हीएम मशीन ने परिणामों को उगलना शुरू किया और भाजपा प्रत्याशी सोलंकी निरंतर बढ़त बनाते हुए जीत की ओर बढ़ते रहे। शाम करीब 5 बजे सोलंकी ने कांग्रेस प्रत्याशी मालवीय को लगभग 4 लाख 7 हजार 97 वोटों से पराजित कर दिया। इस जीत पर भाजपाईयों ने ढोल-नगाड़े बजाते हुए खुशियां मनाईं। इसके बाद जिला रिटर्निंग अधिकारी एवं कलेक्टर ऋजु बाफना के द्वारा भाजपा प्रत्याशी को जीत पर प्रमाण पत्र दिया। इस दौरान सोलंकी ने कहा कि भारत को समृद्ध, शक्तिशाली, मजबूत और विकसित बनाने का काम वर्ष 2014 से ही देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर रहे हैं। यह उनके द्वारा किए गए विकास कार्यों का ही परिणाम है कि आज शाजापुर-देवास संसदीय क्षेत्र से दोबारा रिकार्डतोड़ जीत मिली है। सोलंकी ने समस्त कार्यकर्ताओं और मतदाताओं का आभार व्यक्त किया।
मनोबल बढ़ाने के लिए था 400 पार का नारा
देशभर की अलग-अलग संसदीय सीटों से आए परिणामों में भाजपा को खासा नुकसान हुआ है। जबकि इस बार भाजपा का दावा था कि वह देश में जीती हुई सीट का आंकड़ा 400 पार करेगी, लेकिन ऐसा नही हुआ और भाजपा बहुमत से पिछड़ गई। हालांकि एनडीए गठबंधन के साथ मिलकर भाजपा देश में तीसरी बार सरकार बनाने जा रही है। इस मामले शाजापुर-देवास सांसद महेंद्रसिंह सोलंकी का कहना है कि कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने के लिए 400 पार का नारा दिया गया था, किन्ही कारणों से यह पूरा नही हो सका, परंतु देश में तीसरी बार नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनने जा रही है। उन्होने कहा कि वे अपने संसदीय क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य और शिक्षा को लेकर कार्य करेंगे।