भोपाल, राजधानी भोपाल में मेट्रो से सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। कमिश्नर ऑफ मेट्रो रेल सेफ्टी (CMRS) से मंजूरी मिलने के बाद सुभाष नगर से एम्स स्टेशन के बीच दोनों ट्रैक पर नियमित मेट्रो संचालन शुरू हो गया है। इसके साथ ही मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड (MPMRCL) ने नया टाइम टेबल जारी किया है, जिसके तहत व्यस्त समय में यात्रियों को हर 15 मिनट में मेट्रो उपलब्ध होगी। नए एडवांस्ड सिग्नलिंग सिस्टम के लागू होने से ट्रेनों का संचालन अधिक सुरक्षित और समयबद्ध होगा।

रोजाना 50 ट्रिप करेगी मेट्रो

नई व्यवस्था के अनुसार सुभाष नगर और एम्स स्टेशन के बीच दोनों ट्रैक पर प्रतिदिन कुल 50 ट्रिप संचालित होंगी। सुभाष नगर स्टेशन से पहली मेट्रो सुबह 9 बजे रवाना होगी, जबकि एम्स स्टेशन से पहली ट्रेन सुबह 9:30 बजे चलेगी। वहीं, सुभाष नगर से अंतिम मेट्रो शाम 6:30 बजे और एम्स से शाम 7 बजे प्रस्थान करेगी।

सुबह 9 बजे से 10:30 बजे और शाम 5:30 बजे से 7 बजे तक पीक आवर में हर 15 मिनट के अंतराल पर ट्रेनें उपलब्ध रहेंगी। अन्य समय में मेट्रो की फ्रीक्वेंसी 30 मिनट रहेगी।

रोजाना यात्रियों को मिलेगा सीधा फायदा

नई समय-सारिणी से एम्स भोपाल आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को राहत मिलेगी। इसके अलावा रानी कमलापति रेलवे स्टेशन के यात्रियों, एमपी नगर के कोचिंग संस्थानों में पढ़ने वाले छात्रों तथा वल्लभ भवन, एसबीआई और आरबीआई जैसे प्रमुख कार्यालयों में कार्यरत कर्मचारियों के लिए सफर पहले की तुलना में अधिक आसान और समय बचाने वाला होगा।

डिजिटल टिकटिंग पर विशेष छूट

MPMRCL ने कैशलेस यात्रा को बढ़ावा देने के लिए ऑटोमैटिक फेयर कलेक्शन (AFC) सिस्टम लागू किया है। यात्री मोबाइल ऐप, यूपीआई, क्यूआर कोड और ई-वॉलेट के जरिए आसानी से टिकट बुक कर सकते हैं।

यात्रियों के लिए ये हैं ऑफर

रिटर्न टिकट बुक करने पर 5% की छूट मिलेगी।
ग्रुप टिकट पर 10% का डिस्काउंट दिया जाएगा।
MPMRCL के आधिकारिक ऐप में ई-वॉलेट रिचार्ज करने पर 8% से 15% तक अतिरिक्त बोनस मिलेगा, जिससे नियमित यात्रियों का सफर और किफायती हो जाएगा।