बेंगलुरु ने बांधा पंजाब किंग्स का बोरिया बिस्तर
'किंग' कोहली के दम पर प्लेऑफ की रेस में कायम
विराट कोहली (92) और रजत पाटीदार (55) की विस्फोटक पारियों के बाद गेंदबाजों के कमाल के प्रदर्शन के दम पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने आईपीएल 2024 के 58वें मैच में पंजाब किंग्स को 60 रन से हरा दिया. धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेले गए ‘करो या मरो’ के इस मैच में मिली जीत के बाद बेंगलुरु अभी भी प्लेऑफ की रेस में कायम है. वहीं, इस हार के बाद पंजाब की टीम प्लेऑफ की रेस से बाहर हो गई है. बेंगलुरु ने पहले बैटिंग करते हुए 7 विकेट पर 241 रनों का विशाल स्कोर बनाया और फिर पंजाब को 17 ओवरों में 181 रनों पर ऑलआउट कर दिया.
बेंगलुरु की 12 मैचों में यह लगातार चौथी और इस सीजन की पांचवीं जीत है और अब टीम के खाते में 10 अंक हो गए हैं. बेंगलुरु अभी भी सातवें नंबर पर ही है, लेकिन जीत के बाद उसका नेट रनरेट प्लस में हो गया है. पंजाब किंग्स को 12 मैचों में आठवीं हार का मुंह देखना पड़ा है और अब वो प्लेऑफ की रेस से बाहर हो गई है.
242 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स की शुरुआत खराब रही और उसने पहले ही ओवर में प्रभसिमरन सिंह (6) का विकेट खो दिया. लेकिन इसके बाद राइली रूसो (61) ने जॉनी बेयरस्टो (27) के साथ दूसरे विकेट के लिए 65 और फिर शशांक सिंह (37) के साथ तीसरे विकेट के लिए 36 रन जोड़कर पंजाब किंग्स के लिए ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करना जारी रखा. लेकिन नौवें ओवर में कर्ण शर्मा ने रूसो को आउट करके पंजाब को बड़ा झटका दे दिया. रूसो ने 27 गेंदों पर नौ चौके और तीन छक्के लगाए.
रूसो के आउट होने के बाद जितेश शर्मा (5) और लियाम लिविंगस्टोन (0) भी जल्दी ही पवेलियन लौट गए. लेकिन शशांक ने कप्तान सैम कुरेन (22) के साथ छठे विकेट के लिए 25 रनों की साझेदारी करके टीम को मुकाबले में बनाए रखा. हालांकि तभी कुरेन के गलत कॉल ने शशांक को रन आउट करवा दिया. विराट कोहली के शानदार डायरेक्ट थ्रो ने शशांक का काम तमाम कर दिया. उन्होंने 19 गेंदों पर चार चौके और दो छक्के लगाए. शशांक के आउट होने के बाद पंजाब किंग्स लक्ष्य से दूर हो गई और 17 ओवर में ही 181 रन पर ढेर हो गई.
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए मोहम्मदज सिराज ने तीन और स्वप्निल सिंह, कर्ण शर्मा तथा लॉकी फ़र्ग्यूसन ने दो-दो विकेट चटकाए.
इससे पहले, आरसीबी की शुरुआत सही नहीं रही और टीम ने 43 रन के अंदर ही कप्तान फॉफ डुप्लेसिस (9) और विल जैक्स (12) का विकेट खो दिया. हालांकि इसके बाद कोहली ने पाटीदार के साथ तीसरे विकेट के लिए 32 गेंदों पर 76 रनों की और फिर कैमरन ग्रीन (46) के साथ चौथे विकेट के लिए 92 रन जोड़कर बेंगलुरु को 200 के पार पहुंचा दिया. कोहली मात्र आठ रन से अपने शतक से चूक गए. उन्हें अर्शदीप सिंह ने 18वें ओवर की चौथी गेंद पर अपना शिकार बनाया. किंग कोहली ने 47 गेंदों पर सात चौके और छह छक्के लगाए.
हत गिरफ्तार करते हुए माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।