सतना/कटनी, मध्यप्रदेश के कटनी जिले में बरगी दाईं तट नहर परियोजना की लगभग 12 किलोमीटर लंबी सुरंग बनकर तैयार हो गई है। आज मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी, सांसद गणेश सिंह और सांसद वी.डी. शर्मा ने सुरंग का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने प्रेसवार्ता में इसे विंध्य और बुंदेलखंड के किसानों के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आज सतना, मैहर, कटनी, रीवा सहित पूरे बुंदेलखंड के किसानों के लिए ऐतिहासिक दिन है। अब नर्मदा मैया का जल किसानों के खेतों तक पहुंचेगा, जिससे कृषि उत्पादन कई गुना बढ़ेगा और क्षेत्र की सिंचाई व्यवस्था को नई दिशा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार किसानों के हितों के लिए पूरी तरह समर्पित है। इस परियोजना के पूरा होने से हजारों किसानों को सिंचाई का लाभ मिलेगा और खेती अधिक लाभकारी बनेगी।
मुख्यमंत्री ने सतना सांसद की  सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने सुरंग निर्माण कार्य को समय पर पूरा कराने के लिए लगातार प्रयास किए। सांसद  अधिकारियों के साथ नियमित समन्वय करते रहे, निर्माण कार्य में आने वाली समस्याओं से सरकार को लगातार अवगत कराते रहे और जिन व्यवस्थाओं की आवश्यकता बताई, उन्हें प्राथमिकता के साथ पूरा कराया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा  इस सुरंग का निरीक्षण करने आया था। उस समय हमने मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति देखी थी और अधिकारियों से निर्माण में आ रही कठिनाइयों की जानकारी ली थी। आज सभी समस्याओं का समाधान हो चुका है और यह महत्वाकांक्षी सुरंग पूरी तरह तैयार है। इसके लिए सभी इंजीनियरों, अधिकारियों, कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों को बधाई देता हूं।"
उन्होंने विश्वास जताया कि बरगी नहर परियोजना से नर्मदा का अमृत जल विंध्य और बुंदेलखंड के खेतों तक पहुंचेगा, जिससे क्षेत्र में कृषि विकास का नया अध्याय शुरू होगा और किसान समृद्धि की नई इबारत लिखेंगे।