चंद्रमौलेश्वर स्वरूप में दर्शन दे रहे बाबा महाकाल
सवारी में पहली बार पुलिस बैंड शामिल, बैगा समुदाय की आदिवासियों की टोली कर रही नृत्य
उज्जैन, आज सावन का दूसरा सोमवार है। उज्जैन में शाम 4 बजे से भगवान महाकाल की सवारी निकलना शुरू हो गई। पहले पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल ने पत्नी समेत सभामंडप में सवारी का पूजन किया। मंदिर के मुख्य द्वार पर सशस्त्र पुलिस बल के जवान पालकी में विराजमान भगवान श्री चंद्रमौलेश्वर को सलामी (गार्ड ऑफ ऑनर) दिया। इसके बाद पालकी में भगवान श्री चंद्रमौलेश्वर के स्वरूप में और हाथी पर श्री मनमहेश के स्वरूप में प्रजा का हाल जानने निकले हैं।
सवारी में पहली बार 350 जवानों का विशेष पुलिस बैंड भी शामिल है। डिंडौरी से बैगा समुदाय के आदिवासियों की टोली भी नृत्य कर रही है। पहली सवारी में भगदड़ की स्थिति बनने के बाद कलेक्टर नीरज सिंह ने इस बार सवारी में डीजे पर बैन लगा दिया है।
इससे पहले, रविवार देर रात 1 बजे से ही भक्त महाकाल के दर्शन के लिए कतार में लगना शुरू हो गए थे। रात 2.30 बजे भस्म आरती के लिए मंदिर के पट खोले गए। भांग, चंदन, सूखे मेवों और आभूषणों से बाबा महाकाल का अर्धनारीश्वर स्वरूप दिव्य श्रृंगार किया गया। सुबह करीब 9 बजे बारिश के बावजूद भक्तों का उत्साह कम नहीं हुआ। भस्म आरती में क्रिकेटर उमेश यादव भी शामिल हुए। उन्होंने भी दर्शन कर बाबा का आशीर्वाद लिया।
दोपहर 2 बजे तक करीब ढाई लाख भक्त दर्शन कर चुके हैं। वहीं, 30 हजार से ज्यादा श्रद्धालु भस्म आरती में शामिल हुए।
सावन के पहले सोमवार को 5 लाख से अधिक भक्तों ने दर्शन किए थे, आज भी ऐसी ही संभावना है। रात 10.30 बजे तक दर्शनों का सिलसिला इसी तरह चलता रहेगा।