पटना, पटना के जक्कनपुर थाना क्षेत्र स्थित पुरंदरपुर में एक 21 वर्षीय बीए छात्र अमन कुमार ने आत्महत्या कर ली। इस घटना से उनके परिवार में चीखपुकार मच गई है। बताया जा रहा है कि अमन, जो मूल रूप से बक्सर का निवासी था। वह अपने बहनोई विजय पांडेय (सुशांत कुमार के मकान पर किराएदार)  के फ्लैट में रहता था। विजय पांडेय एक फाइनांस कंपनी में कार्यरत हैं और मंगलवार को वह अपने काम के सिलसिले में घर से बाहर थे, जबकि घर में केवल उनका चार साल का बेटा मौजूद था। 

परिजनों का कहना है कि अमन कुमार यहां रहकर परीक्षा की तैयारी करता था। मंगलवार देर रात घर में केवल अमन का चार साल का भांजा था। इसी दौरान अमन ने पंखे से झूल कर अपनी जान दे दी। देर रात बहन घर लौटी तो अमन का झूलता हुआ शव देखकर दंग रह गई। वह जोर-जोर से चिल्लाने लगी। इसके बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दिया। पुलिस मंगलवार रात करीब 11 बजे मौके पर पहुंची और पंखे से लटके शव को नीचे उतार कर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।

जक्कनपुर थानाध्यक्ष रितुराज सिंह ने बताया कि अमन कुमार की फंदे से झूलते हुए शव बरामद हुआ है। प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला लग रहा है। परिजनों से जानकारी ली जा रही है। इधर, इस घटना के बाद परिजनों में शोक की लहर है। अमन की बहन और घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।