ऑस्ट्रेलियाई हॉकी खिलाड़ी प्रतिबंधित प्रदार्थ खरीदने की कर रहा था कोशिश
पुलिस ने लिया हिरासत में
पेरिस. खेलों के महाकुंभ ओलंपिक का आयोज पेरिस में किया जा रहा है. 7 अगस्त को पेरिस ओलंपिक का दिन विवादों से भरा रहा. भारतीय महिला पहलवान विनेश फोगाट को ओवर वेट होने की वजह से गोल्ड मेडल मैच से पहले अयोग्य करार दिया गया. युवा पहलवान अंतिम पंघाल को आईओए ने अनुशासनात्मक उल्लंघन की वजह से पेरिस ओलंपिक से बाहर कर भारत लौटने का आदेश दिया. वहीं ऑस्ट्रेलिया के हॉकी खिलाड़ी को कोकीन खरीदने की कोशिश में हिरासत में लिया गया.
पेरिस अभियोक्ता कार्यालय के अनुसार ऑस्ट्रेलियाई ओलंपिक फील्ड हॉकी टीम के एक सदस्य को कोकीन खरीदने के प्रयास के बाद हिरासत में लिया गया. कार्यालय ने एक बयान में कहा कि पुलिस ने मंगलवार की रात पेरिस में एक इमारत के बाहर ड्रग लेन-देन रोका. उन्होंने कहा कि जांच के लिए यह मामला पुलिस की ड्रग रोधी इकाई को सौंप दिया है. अभियोक्ताओं ने कहा कि यह कथित खरीदार ऑस्ट्रेलियाई फील्ड हॉकी टीम का 28 वर्षीय सदस्य था और 17 वर्षीय कथित विक्रेता को भी हिरासत में लिया गया.
ऑस्ट्रेलियाई ओलंपिक समिति ने एक बयान में कहा कि कोई आरोप दायर नहीं किया गया है और कहा कि वह टीम के सदस्य के लिए सहायता की व्यवस्था कर रही है. ऑस्ट्रेलियाई अधिकारियों और पेरिस अभियोक्ताओं ने खिलाड़ी का नाम जारी नहीं किया है. ऑस्ट्रेलियाई पुरुष और महिला टीम पेरिस ओलंपिक में क्वार्टरफाइनल से बाहर हो गई थीं. पुरुष टीम ने 2021 तोक्यो ओलंपिक में रजत पदक जीता था.