बिहार विधानसभा चुनाव से पहले सीएम नीतीश की एक और सौगात
6 जिलों में 12 सड़क योजनाओं को सरकार की मंजूरी
पटना, बिहार विधानसभा चुनाव से पहले सीएम नीतीश कुमार ने राज्य के 6 जिलों के लोगों को बड़ी सौगात दी है। सरकार ने 6 जिलों में 56 करोड़ की लागत से 12 सड़क और नाला निर्माण योजनाओं को मंजूरी दे दी है।
बिहार सरकार के पथ निर्माण विभाग द्वारा स्वीकृत इन योजनाओं की जानकारी पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने शुक्रवार को दी। उन्होंने बताया कि ये योजनाएं शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों के लिए बनाई गई हैं, जिनमें केवल नए पथों का निर्माण ही नहीं, बल्कि सड़कों के चौड़ीकरण, नाला निर्माण और क्षतिग्रस्त मार्गों की मरम्मत का कार्य भी शामिल है।
योजनाओं को इस तरह तैयार किया गया है कि बरसात के समय जलजमाव की समस्या से निपटा जा सके। जिन जिलों में योजनाएँ स्वीकृत की गई हैं, उनमें पटना की पांच, वैशाली की दो, मोतिहारी की दो तथा गोपालगंज, सहरसा और मुजफ्फरपुर की एक-एक योजना शामिल है।
पटना जिले की योजनाओं में दानापुर-खगौल रोड में हाईटेक अस्पताल से बालाजी नगर तक सड़क का मजबूतीकरण। लालबाबू मार्केट से सीडीए कॉलोनी होते हुए राजीवनगर नाला तक सड़क निर्माण। टेक्स्टबुक कॉलोनी से बाबा चौक होते हुए आदर्श कॉलोनी मोड़ तक सड़क कार्य। अनिसाबाद पुलिस कॉलोनी (सेक्टर A से E) की सड़कों की सतह का नवीकरण। वार्ड संख्या 34 में पंच शिव मंदिर से पाटलिपुत्र खेल परिसर तक सड़क निर्माण। खगौल-दीघा नहर रोड से बुद्धा कैंसर सेंटर तक संपर्क पथ का चौड़ीकरण का काम शामिल है।