महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव का ऐलान
20 नवंबर को डाले जाएंगे वोट, 23 को रिजल्ट- यहां है पूरा शेड्यूल
महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव का बिगुल बज गया है. चुनाव आयोग की तरफ से जारी कार्यक्रम के मुताबिक, महाराष्ट्र में इस बार एक ही चरण में 20 नवंबर को वोट डाले जाएंगे और नतीजे 23 नवंबर को आएंगे. मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार (EC Rajiv Kumar) ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर महाराष्ट्र और झारखंड चुनाव की तरीखों (Jharkhand Election Date) का ऐलान किया. उन्होंने कहा कि इस बार भी महाराष्ट्र में एक ही फेज में वोट डाले जाएंगे.
महाराष्ट्र में चुनाव का पूरा कार्यक्रम (Maharashtra Election Full Schedule)
अधिसूचना कब जारी होगी? 22 अक्टूबर
नामांकन की आखिरी तारीख कब? 29 अक्टूबर
नामांकन कब तक वापस ले सकेंगे? 4 नवंबर
चुनाव कब होंगे? 20 नवंबर को चुनाव
वोटों की गिनती कब? 23 नवंबर को होगी
बुजुर्गों को बूथ पर नहीं जाना होगा
मतदान बूथों पर सभी सुविधाएं उपलब्ध होंगी.
पोलिंग लाइन में भी कुर्सियों की व्यवस्था की जाएगी.
85 साल से ऊपर के वरिष्ठ नागरिक घर से वोट कर सकेंगे.
वोटर हेल्पलाइन ऐप में सभी वोटर्स अपनी डिटेल्स देख सकते हैं.
बॉर्डर पर पूरी तरह से चौकसी रखी जाएगी.
महाराष्ट्र में 288 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा 145 है. बता दें कि महाराष्ट्र विधानसभा का कार्यकाल 26 नवंबर को समाप्त होने वाला है. महाराष्ट्र में पिछला विधानसभा चुनाव अक्टूबर 2019 में एक ही चरण में हुआ था.
क्या है मौजूदा समीकरण?
भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने सरकार बनाने के लिए बहुमत हासिल किया था, लेकिन आंतरिक संघर्ष के कारण शिवसेना ने गठबंधन छोड़ दिया और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) और कांग्रेस के साथ एक नया गठबंधन महा विकास अघाड़ी बनाया. महा विकास अघाड़ी ने शिवसेना नेता उद्धव ठाकरे के मुख्यमंत्री बनने के साथ सरकार बनाई.
2022 के महाराष्ट्र राजनीतिक संकट के बाद, शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे ने पार्टी के 40 विधायकों के साथ मिलकर BJP के साथ सरकार बनाई और शिंदे नए मुख्यमंत्री बन गए. 2023 के महाराष्ट्र राजनीतिक संकट के बाद, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी का अजित पवार गुट (Ajit Pawar) भी सरकार में शामिल हो गया था.