CURATED BY – GAURAV SINGHAL | CITYCHIEFNEWS

सहारनपुर | नागल, बढेडी कोली में बीते एक माह से ठप्प पडी पेयजल आपूर्ति सुचारु न होने कारण ग्रामीणों ने निर्माणाधीन पानी की टंकी पर पहुंचकर रोष जताया। सूचना पर पहुंचे व्यापार मंडल अध्यक्ष कपिल डाबर द्वारा अधिकारियों से मिले आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए। ग्रामीण बाबूराम रवि, काका वर्मा, पिंटू, गुलाब, राहुल, आकाश, अरुण, राजेश, संजय, महेंद्र का कहना है कि बीते करीब बीस वर्षों से नागल में बनी पानी की टंकी से बढेडी कोली में पानी की आपूर्ति की जा रही थी, लेकिन अब उनके गांव में ही पानी की टंकी का निर्माण चल रहा है, गलियों में दोबारा पाइप लाइन बिछाई आ रही है, जिस कारण पहले से बिछी पाइपलाइन कई जगह से क्षतिग्रस्त हो गई। जिसकी मरम्मत न कर ठेकेदार ने गांव की पानी की सप्लाई बंद कर दी। जिस कारण करीब एक माह से गांव की पेयजल आपूर्ति बिल्कुल बंद है, लोगों को पीने के पानी के लिए परेशानियां उठानी पड़ रही हैं। इस संबंध में कई बार जल निगम अधिकारियों व ग्राम प्रधान को कहा जा चुका है इसके बावजूद भी पानी की समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। ग्रामीणों के निर्माणाधीन टंकी पर पहुंच रोष जताने की सूचना पर पहुंचे भाजपा नागल मंडल महामंत्री व व्यापार मंडल अध्यक्ष कपिल डावर ने जल निगम के अधिशासी अभियंता योगेश कुमार व अवर अभियंता दुष्यंत कुमार से बात की, अधिकारियों द्वारा एक सप्ताह में क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत करा जलापूर्ति सुचारू किए जाने का आश्वासन दिया जिस पर ग्रामीण शांत हो घर लौट गए।