फलों से भरी ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पांवधोई नदी में पलटी
आसपास के दुकानदार मौके पर दौड़े और चालक को बामुश्किल बाहर खींचा, ई-रिक्शा में भरी फल की पेटियां पांवधोई नदी में गिर गईं
CURATED BY – GAURAV SINGHAL | CITYCHIEFNEWS
सहारनपुर, शहर कोतवाली क्षेत्र में अग्रवाल धर्मशाला के पास एक ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पांवधोई में पलट गई। जिसमें फल की पेटियां रखी हुईं थीं। चालक को स्थानीय लोगों ने बचाया साथ ही उसकी पेटियों को भी बाहर निकाला। प्राप्त जानकारी के अनुसार ई-रिक्शा चालक सुबह मंडी से फलों की पेटियां लेकर आ रहा था। जब वह अग्रवाल धर्मशाला के पास पहुंचा तो उसकी ई-रिक्शा सड़क में गड्डे होने के चलते अनियंत्रित हो गई। जिसके बाद ई-रिक्शा पांवधोई नदी में गिर गई। यह देखकर आसपास के दुकानदार मौके पर दौड़े और चालक को बामुश्किल बाहर खींच लिया। ई-रिक्शा में भरी फल की पेटियां पांवधोई में गिर गईं। लोगों की मदद से उन्हें निकाला गया। ई-रिक्शा पलटने से काफी फल खराब भी हो गए। टूटी सड़क होने से आए दिन हादसों को लेकर लोगों में रोष है। लोगों ने कहा कि यह पहली घटना नहीं है, इससे पहले भी कपड़े से भरी ई-रिक्शा पलट गई थी। लेकिन, संबंधित विभाग की ओर से कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। लोगों ने सड़क बनवाने की मांग की है।