अखिलेश यादव ने संगम में 11 बार लगाई आस्था की डुबकी
क्या इससे SP को मिल्कीपुर उपचुनाव में मिलेगी मदद?
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ में आस्था की डुबकी लगाई. सपा मुखिया अखिलेश यादव एयरपोर्ट से सीधे महाकुंभ मेला क्षेत्र पहुंचे, फिर उन्होंने संगम तट पर स्नान किया. इस दौरान, सपा मुखिया के साथ पार्टी के अन्य नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे. गंगा में स्नान करते समय अखिलेश यादव चारों तरफ से सपा नेताओं से घेरे हुए थे. सपा प्रमुख ने गंगा में स्नान करते समय सूर्य को अर्घ्य भी दिया.
अखिलेश बोले- मैंने संगम में 11 डुबकियां लगाई
संगम में डुबकी लगाने के बाद समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख ने मीडिया से बात करते हुए कहा, कि मैं आज महाकुंभ में स्नान करके जा रहा हूं. मैंने 11 डुबकियां लगाई हैं. आज महाकुंभ का सकारात्मक संदेश होना चाहिए. आज के दिन यही संकल्प हो जब कभी भी हमें कुंभ याद आए, तो सौहार्द, सद्भावना और सहनशीलता हमेशा बनी रहे. मैंने पहले हरिद्वार में स्नान किया था और आज मुझे संगम में स्नान करने का मौका मिला है.
महाकुंभ को इवेंट नहीं बनाए योगी सरकार
अखिलेश यादव ने यूपी सीएम योगी के बुलडोजर वाले एक्शन पर कहा कि बुलडोजर चले या नहीं चले, जब सरकार ही नहीं होगी तो बुलडोजर किसके पास होगा. उन्होंने आगे कहा, कि हमारा संकल्प यही है कि सद्भावना और सहनशीलता बनी रहे और स्नान सहनशीलता के साथ होना चाहिए.
उन्होंने कहा सरकार को महाकुंभ को स्पोर्ट्स इवेंट नहीं बनाना चाहिए. मैंने खुद अपनी आंखों से देखा है कि बुजुर्ग महिलाएं और पुरुष दूर स्थानों से पैदल चलकर महाकुंभ में आ रहे हैं, लेकिन अगर सरकार महाकुंभ में हजारों करोड़ रुपए खर्च कर रही है तो बुजुर्गों के लिए कोई ऐसी व्यवस्था जरूर होनी चाहिए…जिससे उन्हें ज्यादा पैदल नहीं चलना पड़े.
अखिलेश को मिल्कीपुर उपचुनाव में मिलेगी मदद?
अखिलेश यादव का महाकुंभ में स्नान मिल्कीपुर उपचुनाव में बड़ा असर दिखा सकती है. 3 फरवरी को अखिलेश मिल्कीपुर में जनसभा करने वाले हैं और उससे पहले महाकुंभ स्नान करना उपचुनाव का खेल पलट सकता है. वैसे तो इस सीट पर पहले से मुस्लिम और यादव वोटरों का सपा को सपोर्ट है, लेकिन अखिलेश यादव के महाकुंभ में डुबकी लगाने के बाद मिल्कीपुर के हिंदू वोटर भी प्रभावित हो सकते हैं.