मध्यप्रदेश में एयर एम्बुलेंस सेवा
कटनी में तीसरे मामले के रूप में एयर एम्बुलेंस सेवा ने बचाई कटनी जिले के हेड कांस्टेबल ललित राय की जान
CURATED BY – SUNIL YADAV | CITYCHIEFNEWS
कटनी, मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव द्वारा प्रदेश में एयर एम्बुलेंस सेवा की शुरुआत किये जाने के बाद आपात स्थिति में उपचार के लिये पीड़ित को इस सेवा का उपयोग कर उच्च चिकित्सा संस्थान भेजे जाने का कटनी जिले का प्रकरण प्रदेश का तीसरा प्रकरण है।
कटनी जिले के एस ए एफ बटालियन शिवपुरी के कैंप कटनी के दुर्घटनाग्रस्त हेड कांस्टेबल ललित राय को डुमना एयर पोर्ट से एयर एंबुलेंस से भोपाल एम्स इलाज हेतु ले जाया गया है। दुर्घटनाग्रस्त हेड कांस्टेबल ललित राय 7 जून की रात्रि झिंझरी के पास बोलेरो की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनका जबलपुर के एक निजी हॉस्पिटल में इलाज चल रहा था। इसके पहले बीते दिनों रीवा से मऊगंज जिले के गोविंदलाल तिवारी को आपात स्थिति में ह्रदय रोग के उपचार हेतु एयर एंबुलेंस से भोपाल ले जाया गया था । मऊगंज के गोविंदलाल तिवारी एयर एंबुलेंस सेवा का लाभ पाने वाले प्रदेश के पहले हितग्राही हैं। जबकि पन्ना जिले के नागरिक रामगोपाल तिवारी को मध्यप्रदेश सरकार की एयर एंबुलेंस सेवा के माध्यम से खजुराहो से भोपाल एयरलिफ्ट कराकर उन्हें उच्च स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराई गई। इसके बाद आज बुधवार को जबलपुर के डुमना विमानतल से कटनी के दुर्घटनाग्रस्त पुलिस हेड कांस्टेबल ललित राय, जो जबलपुर के निजी चिकित्सालय में उपचाररत थे , उन्हें आपात स्थिति में एयर एंबुलेंस सेवा से उपचार हेतु भेजे जाने वाले ललित राय प्रदेश के तीसरे हितग्राही हैं। वही इन्हें छोड़ने लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह डूमना एयरपोर्ट पहुंचे थे।