CURATED BY – BHAGWAN DAS BERAGI | CITYCHIEFNEWS

शाजापुर, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक ने शाजापुर पहुंचकर कानून व्यवस्था को लेकर बैठक की और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। शुक्रवार को अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक योगेश देशमुख द्वारा अपराध समीक्षा बैठक ली गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक यशपालसिंह राजपूत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक टीएस बघेल, अनुविभागीय अधिकारी गोपाल चौहान आदि मौजूद थे। बैठक के दौरान अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक देशमुख द्वारा जिले के सभी थानों की कानून व्यवस्था, अपराध समीक्षा बैठक, थाना क्षेत्रों में गौवंश के अवैध परिवहन एवं उनके वध, ग्राम पंचायतों में सीसीटीवी कैमरें लगवाने, खुले में मांस विक्रय को लेकर, लाउडस्पीकर प्रतिबंध संबधित एवं अधिक से अधिक वृक्षारोपण किए जाने को लेकर निर्देश दिए। साथ ही जिले से पुलिस मुख्यालय को भेजे गए निर्माण योजना संबधी तथा अन्य कार्यों के प्रस्तावों की समीक्षा की गई। उन्होने कहा कि थाना स्तर पर प्राप्त शिकायतों का त्वरित निराकरण कर शिकायतकर्ता को संतुष्ट किया जाए एवं अनावश्यक आमजनों की शिकायतों को लंबित न रखा जाए। पीडि़त व्यक्तियों की शिकायत प्राप्त कर उनका त्वरित निराकरण करें। बैठक के बाद अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक द्वारा एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में वृक्षारोपण कर इसके महत्व के बारे में बताया गया।