फरीदाबाद। शनिवार रात स्थानीय स्तर पर बड़ी राजनीतिक हलचल हुई, जब फरीदाबाद विधानसभा क्षेत्र से आम आदमी पार्टी (AAP) के प्रत्याशी प्रवेश मेहता ने भाजपा प्रत्याशी विपुल गोयल को समर्थन दे दिया। उन्होंने केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर की उपस्थिति में ओल्ड फरीदाबाद अनाज मंडी में मुकेश शास्त्री व पंकज शास्त्री द्वारा आयोजित कार्यक्रम में खुद को चुनावी मैदान से अलग कर दिया।

राजनीतिक दृष्टि से इसे विपुल गोयल की बड़ी जीत मानी जा रही है। प्रवेश मेहता इस विधानसभा क्षेत्र में बड़ा पंजाबी चेहरा हैं और नगर निगम के पूर्व पार्षद रहे हैं, उनकी धर्मपत्नी भी एक बार पार्षद बनीं। जब 2009 में परिसीमन के बाद फरीदाबाद विधानसभा क्षेत्र अस्तित्व में आई थी, तब भाजपा के टिकट पर प्रवेश मेहता ही चुनाव मैदान में थे और उन्होंने 22903 वोट लिए व दूसरे स्थान पर रहे थे।

दो साल पहले आप में हुए शामिल
2014 में जब उन्हें भाजपा का टिकट नहीं मिला था, तब भाजपा से अलग हो गए थे और इस चुनाव में इनेलो के टिकट पर उतर कर 12 हजार से अधिक वोट लिए थे। दो साल पहले आप में शामिल हो गए थे।

आप ने अब उन्हें टिकट भी थमाया, पिछले कई दिनों से सक्रिय रूप से प्रचार भी कर रहे थे, पर शनिवार देर शाम को अप्रत्याशित घटनाक्रम में उन्होंने भाजपा प्रत्याशी विपुल गोयल को समर्थन दे दिया।

भाजपा का गले में पटका डाला
एक ऐसी पार्टी जिसकी दिल्ली व पंजाब में सरकार है, उस पार्टी के प्रत्याशी का यूं बीच चुनाव प्रचार में मैदान छोड़ना बड़ा झटका है। प्रवेश मेहता ने गले में भाजपा का पटका डाल कर विपुल गोयल के समर्थन में वोट भी मांगे। उन्होंने कहा कि हमारा साथ और विश्वास उनके साथ है।

क्षेत्र के विकास और उन्नति के लिए हमने विपुल गोयल के नेतृत्व में भाजपा का दामन थामा है। यह बता दें कि इसके बावजूद प्रवेश मेहता का ईवीएम में नाम रहेगा।