इंदौर, कनाड़िया क्षेत्र में एक युवक की जहर खाने से मौत हो गई। वह पिछले करीब पांच साल से अपने फ्लैट में अकेला रह रहा था। युवक के एक युवती से संबंध होने की बात भी सामने आई है और दोनों के बीच विवाद की जानकारी भी पुलिस को मिली है। हालांकि, परिजनों के मुताबिक वह कुछ समय से मानसिक तनाव में था।

मृतक की पहचान हर्ष रामपाल के रूप में हुई है। वह इंदौर के एक कॉल सेंटर में नौकरी करता था। बताया जा रहा है कि हर्ष अपनी बहन के पास विदेश जाकर रहने की योजना बना रहा था और इसके लिए इंदौर स्थित फ्लैट बेचना चाहता था।

गर्लफ्रेंड के फोन नहीं उठाने पर बढ़ी चिंता

पुलिस के अनुसार, हर्ष ने शनिवार को जहरीला पदार्थ खा लिया था। उसकी गर्लफ्रेंड लगातार उसे फोन कर रही थी, लेकिन हर्ष ने कॉल रिसीव नहीं किया। बार-बार फोन करने के बावजूद संपर्क नहीं होने पर युवती को अनहोनी की आशंका हुई और उसने पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। फ्लैट का दरवाजा खोलने की कोशिश की गई, लेकिन अंदर से बंद होने पर पुलिस ने दरवाजा तोड़ा। अंदर सोफे पर हर्ष का शव मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही कमरे की तलाशी ली।

कमरे से नहीं मिला सुसाइड नोट

पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। मामले की जांच के लिए पुलिस ने हर्ष का मोबाइल फोन भी जब्त किया है। मोबाइल की कॉल डिटेल और अन्य जानकारी के आधार पर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि घटना से पहले उसने किन लोगों से बातचीत की थी।

पुलिस हर्ष की गर्लफ्रेंड और परिवार के सदस्यों से भी पूछताछ कर रही है, ताकि आत्महत्या के पीछे की परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।

कोविड के दौरान माता-पिता का हुआ था निधन

परिजनों के मुताबिक कोविड काल के दौरान हर्ष के माता-पिता का निधन हो गया था। इसके बाद वह और उसकी बहन इंदौर में साथ मिलकर एक फ्लैट खरीदा था। बहन के विदेश में रहने के कारण वह इंदौर कम ही आती थी।

बताया जा रहा है कि हर्ष फ्लैट बेचकर अपनी बहन के पास विदेश जाना चाहता था, लेकिन फ्लैट दोनों के नाम होने के कारण बिक्री की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही थी। परिजनों का कहना है कि इसी वजह से वह तनाव में था।

हर्ष के कुछ रिश्तेदार इंदौर में ही रहते हैं। उनका कहना है कि पिछले कुछ समय से हर्ष उनसे भी ज्यादा बातचीत नहीं करता था। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा मोबाइल से मिलने वाली जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।