दमोह में श्रापित कही जाने वाली पुलिया से फिर गिरा आलू से भरा ट्रक
ट्रक की केबिन के नीचे दबा चालक, अस्पताल में मौत
दमोह, दमोह जिले के बटियागढ़ थाना अंतर्गत दमोह- छतरपुर मार्ग पर श्रापित कही जाने वाली केवलारी की पुलिया से मंगलवार दोपहर फिर एक आलू से भरा ट्रक नीचे जा गिरा। जिसमें चालक की मौत हो गई और हेल्पर गंभीर रूप से घायल हो गया जिसका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
बता दें आलू से भरा ट्रक छतरपुर से दमोह की ओर आ रहा था। केवलारी की पुलिया पर पहुंचते ही ट्रक बेकाबू हो गया और नीचे गिर गया। जिससे चालक ट्रक के केबिन में दब गया और हेल्पर दूर जा गिरा जिसे तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। वहीं ट्रक में दबे चालक को एक घंटे की मशक्कत के बाद जेसीबी की सहायता से बाहर निकलकर बटियागढ़ अस्पताल लाया गया जहां उसकी मौत हो गई। मृतक अज्ञात है उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई वही दूसरा घायल बोलने की हालत में नहीं है। बटियागढ़ थाना प्रभारी मनीष मिश्रा को सूचना लगी वे पुलिस के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। जहां केबिन में फंसे युवक को जेसीबी की मदद से रेस्क्यू कर एक घंटे बाद बाहर निकाला गया था लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।
आखिर क्यों कहते हैं श्रापित पुलिया
दमोह छतरपुर मार्ग पर बटियागढ़ में पड़ने वाली केवलारी की पुलिया को श्रापित पुलिया कहा जाने लगा है और यहां से आलू के ट्रक ही पलटते हैं। इसलिए इसे श्रापित पुलिया कहा जाने लगा। यहां पिछले चार महीने में करीब एक दर्जन ट्रक पुलिया से नीचे गिर चुके हैं और कई लोगों की मौत हो चुकी है, लेकिन यहां अभी तक ब्रेकर नहीं बनाए गए।